क्रिकेट

‘वैभव के लिए संजू को टीम से हटाना गलत, मैनेजमेंट को सैमसन पर भरोसा दिखाना चाहिए’: दिनेश कार्तिक

Dinesh Karthik on Sanju Samson and Vaibhav Sooryavanshi Debut: डरहम (Durham) में पहला टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद, मैनचेस्टर (Manchester) में होने वाले दूसरे मैच से पहले दिनेश कार्तिक ने संजू सैमसन का समर्थन किया है। उनका मानना है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की जगह मैनेजमेंट को संजू पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।
2 min read
Jul 03, 2026
Vaibhav Sooryavanshi, Duleep Trophy 2026
वैभव सूर्यवंशी (Photo - BCCI)

Dinesh Karthik on Sanju Samson and Vaibhav Sooryavanshi Debut: भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) ने 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि वैभव को प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाने के लिए अभी और इंतजार करना चाहिए। इसके साथ ही कार्तिक ने टीम मैनेजमेंट से लगातार फ्लॉप हो रहे संजू सैमसन का समर्थन करने की अपील की है।

आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ डरहम (Durham) में खेले गए पहले टी20 मैच में वैभव बेंच पर ही बैठे रहे। दूसरी तरफ, संजू सैमसन लगातार तीन मैचों में फेल होने के कारण भारी दबाव में आ गए हैं।

संजू सैमसन पर भरोसा क्यों?

दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज (Cricbuzz) पर बात करते हुए कहा कि भले ही सैमसन लगातार तीन पारियों में फ्लॉप रहे हैं, लेकिन मैनेजमेंट को उन पर विश्वास दिखाना चाहिए।

कार्तिक ने कहा, 'मुझे पता है कि पूरा क्रिकेट जगत पूछ रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को कब मौका मिलेगा। यह बात समझ में आती है, लेकिन मैं फिर भी उम्मीद करता हूं कि वे संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी का समर्थन करेंगे। कुछ महीने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के दबाव वाले मैचों में संजू ने टीम को जीत दिलाई थी और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे। ऐसे में हमें उनका साथ देना चाहिए।'

वैभव सूर्यवंशी को करना होगा इंतजार

वैभव ने आईपीएल (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए 776 रन बनाकर तहलका मचा दिया था। इसके अलावा उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर रिकॉर्ड भी बनाया है। इस पर कार्तिक ने कहा, 'वैभव बेहद प्रतिभाशाली हैं और मुझे कोई शक नहीं है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत अच्छा करेंगे। लेकिन, उन्हें इस प्लेइंग इलेवन में खेलने का अधिकार खुद हासिल करना होगा। अपनी बारी का इंतजार करना जरूरी है।'

तिलक वर्मा पर भी बढ़ रहा है दबाव

दिनेश कार्तिक का मानना है कि उप-कप्तान तिलक वर्मा पर भी दबाव बढ़ रहा है। डरहम में खेले गए पहले मैच में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बहुत धीमी पारी खेली थी। कार्तिक के मुताबिक, इंग्लैंड की कंडीशन में मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज के लिए मुश्किलें होती हैं, और तिलक भी वहां बाउंड्री लगाने में संघर्ष करते दिखे।

भारत का अगला मुकाबला

भारतीय टीम हाल ही में आयरलैंड से टी20 सीरीज हार गई है और इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था। अब भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 शनिवार, 4 जुलाई को मैनचेस्टर (Manchester) में खेला जाएगा।