क्रिकेट

England vs India 1st T20i Weather Report: क्या बगैर गेंद फेंके ही धुल जाएगा भारत बनाम इंग्‍लैंड पहला टी20, 80% तक बारिश का अलर्ट

Eng vs Ind 1st T20i Weather Report: भारत बनाम इंग्‍लैंड पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 80 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। आइये एक नजर चेस्‍टर-ले-स्‍ट्रीट, डरहम के मौसम पर डालते हैं।
2 min read
Jun 30, 2026
Eng vs Ind 1st T20i Weather Report
चेस्‍टर-ले-स्‍ट्रीट का रिवरसाइड ग्राउंड। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/csu09sue)

Eng vs Ind 1st T20i Weather Report: भारत और इंग्‍लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज बुधवार एक जुलाई को डरहम स्थित चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेले जाने वाले पहले मुकाबले से होने वाला है।
इस सीरीज के जरिये भारतीय टीम आयरलैंड की कड़वी यादों को भुलाना चाहेगी, जहां टी20 अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में उसे पहली बार 2-0 हार का सामना करना पड़ा। लेकिन, इससे पहले डरहम के मौसम को लेकर निराश करने वाली खबर आ रही है। बुधवार को यहां 80% प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है।

डरहम के मौसम का हाल

एक्‍यूवेदर के मुताबिक, डरहम की चेस्‍टर-ले-स्‍ट्रीट में बुधवार को मैच के दिन मौसम बहुत ही खराब रहने वाला है। आसमान लगभग पूरी तरह से बादल (85% बादल) से ढका रहेगा और दिन में बारिश की 80 प्रतिशत संभावना है, जो रात को बढ़कर 84 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। इतना ही नहीं, करीबी डेढ़ घंटे बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी 16 प्रतिशत संभावना है।

टेम्परेचर और ह्यूमिडिटी

चेस्‍टर-ले-स्‍ट्रीट, डरहम में बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जो आयरलैंड के मौसम से थोड़ा ठंडा है। मैच के दौरान हवा चिपचिपी महसूस होगी और ह्यूमिडिटी लगभग 60 प्रतिशत तक रहेगी।

टॉस में देरी के साथ घट सकते हैं ओवर

बारिश के चलते टॉस में देरी हो सकती है। इसके साथ ही बीच में बारिश होने पर मैच में रुकावट आ सकती है। मौसम को देखते हुए इस बात की पूरी आशंका है कि निर्धारित ओवर में से कुछ ओवर कम हो सकते हैं। अगर ज्‍यादा बारिश नहीं हुई तो मैच का नतीजा भी आ सकता है।

भारत बनाम इंग्लैंड T20 हेड-टू-हेड रिकॉर्ड कैसा है?

भारत बनाम इंग्‍लैंड के टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो श्रेयस अय्यर की भारतीय टीम का पलड़ा ज्‍यादा भारी है। इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने इस फॉर्मेट में अब तक 18 जीत दर्ज की हैं, जबकि इंग्लिश टीम को 12 जीत ही नसीब हो सकी हैं। पिछली बार जब ये दोनों टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने-सामने आई थीं, तब एक हाई स्कोरिंग मैच हुआ था। उस मुकाबले में इंग्‍लैंड ने भारत को कड़ी टक्‍कर दी थी, जिसमें टीम इंडिया सिर्फ 7 रन के अंतर से जीती थी।

Updated on:
30 Jun 2026 08:39 pm
Published on:
30 Jun 2026 08:39 pm