क्रिकेट

Eng vs Ind: आज हारते ही ICC रैंकिंग में खत्म हो जाएगी भारत की बादशाहत, क्लीन स्वीप के साथ लगेगा दोहरा झटका

Eng vs Ind 5th T20I: पहला मैच बारिश से धुलने के बाद लगातार तीन मुकाबले जीतकर इंग्‍लैंड ने सीरीज पर 3-0 से कब्‍जा कर लिया है। अगर आज शनिवार को आखिरी टी20 में इंग्लिश टीम भारतीय टीम को हरा देती है, तो क्‍लीन स्‍वीप के साथ आईसीसी T20I की रैंकिंग में भी भारत को पछाड़कर शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
2 min read
Jul 11, 2026
Eng vs Ind 5th T20I
भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: BCCI)

England vs India 5th T20I: भारत और इंग्‍लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला शनिवार 11 जुलाई को साउथेम्प्टन के द रोज बाउल ग्राउंड में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सम्‍मान बचाने के इरादे से उतरेगी। वहीं, मेजबान इंग्लिश टीम की नजर 4-0 से क्‍लीन स्‍पीप करने पर होगी। अगर, वह ऐसा करने में सफल रहती है, तो भारत के लिए ये दोहरा झटका होगी। इस हार के साथ ही वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष स्‍थान गंवा देगी।

भारत ने बनाए कई अनचाहे रिकॉर्ड

भारत का आयरलैंड और इंग्‍लैंड टी20 दौरा वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर सबसे ज्‍यादा चर्चा में रहा है। लेकिन, कुछ ऐसी अनचाही चीजें भी हुई हैं, जिनसे मौजूदा टी20 वर्ल्‍ड कप विजेता पर सवाल उठ रहे हैं। सबसे पहले आयरलैंड ने क्‍लीन स्‍वीप किया। इसके बाद पहली बार लगातार पांच टी20 हारने के साथ इंग्‍लैंड से पहली बार बाइलेटरल टी20 सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा है। इससे पहले बाइलेटरल सीरीज में भारत सिर्फ एक बार तीन मैच हारा था, जब वेस्‍टइंडीज ने 2023 में 3-2 से मात दी थी।

T20I के इतिहास में पहली बार होगा क्‍लीन स्‍वीप

बता दें कि भारतीय टीम के खिलाफ तीन या उससे ज्‍यादा मैच की सीरीज में कभी भी किसी विपक्षी टीम ने व्हाइटवॉश नहीं किया है। अगर, साउथेम्प्टन में टीम इंडिया हार से नहीं बच पाती है, तो टी20 अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 4-0 से क्‍लीन स्‍वीप होगा।

…तो शीर्ष पर पहुंच जाएगी इंग्‍लैंड

इतना ही नहीं, पांचवें टी20 में इंग्लैंड की जीत भारत से नंबर-1 आईसीसी रैंकिंग भी छिन जाएगी। बता दें कि टीम इंडिया लंबे समय से आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर है। फिलहाल उसके 269 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि दूसरे नंबर पर काबिज इंग्‍लैंड के 267 रेटिंग पॉइंट्स हैं। साउथेम्‍प्‍टन में जीतते ही इंग्लिश टीम आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में टॉप पहुंच जाएगी।

आदिल रशीद और जोस बटलर रचेंगे इतिहास

आदिल रशीद अगर शनिवार को खेलते हैं, तो वह 150 T20I तक पहुंचने वाले छठे खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं, जोस बटलर मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगे। यह उनका 160वां टी20 मैच होगा। वह इस फॉर्मेट में जॉर्ज डॉकरेल और रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर दूसरे सबसे ज्‍यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में सबसे आगे पॉल स्टर्लिंग (163) हैं।

Updated on:
11 Jul 2026 09:15 am
Published on:
11 Jul 2026 09:15 am