
भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा। (फोटो सोर्स: IANS)
England vs India T20 series: इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम का बुरा हाल है। टीम इंडिया इस सीरीज में 3-0 से पिछड़ रही है। अब तक खेले गए चार मैचों में भारत को तीन हार मिली हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण धुल गया था। टीम के इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद उनकी हर तरफ आलोचना हो रही है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सदागोप्पन रमेश ने भी भारतीय चयनकर्ताओं पर तीखा हमला बोला है।
रमेश ने तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सर्जरी के बाद बिना फिटनेस साबित किए उन्हें सीधे भारतीय टीम में कैसे चुना गया? दरअसल हर्षित राणा फिर से चोटिल हो गए हैं और साउथेम्प्टन के द रोज बाउल मैदान पर खेले जाने वाले इस सीरीज के आखिरी मुक़ाबले से बाहर हो गए हैं।
रमेश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "घुटने की सर्जरी के बाद राणा ने कोई फिटनेस टेस्ट नहीं दिया और उन्हें सीधे टीम में चुन लिया गया। जब आप पूरी तरह फिट नहीं होते तो आपको अगली चोट हमस्ट्रिंग या क्वाड में आती है और ऐसा ही उनके साथ इस सीरीज में हुआ है। इससे यह साफ होता है कि वे 100% फिट नहीं थे। चयनकरता अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग मापदंड क्यों अपनाते हैं? यह एक बड़ा सवाल है।"
रमेश ने आगे कहा, “जिम्बाब्वे टूर के लिए उन्हें आराम दिया गया है। लेकिन स्क्वाड चोट लगने से पहले ही घोषित कर दिया गया था। इससे साफ है कि उन्हें पता था कि वो बैक-टू-बैक सीरीज नहीं खेल पाएंगे। ये राणा की क्षमता की बात नहीं है।” स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की चोट के कारण भारत ने रवि बिश्नोई के वजाय वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। इसपर रमेश ने कहा, "इंग्लैंड में सिर्फ दो लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज थे, फिर भी भारत को सुंदर को खेलाना पड़ा। इससे साफ है कि टीम रवि बिश्नोई पर भरोसा नहीं कर रही है।"
ब्रिस्टल में 9 विकेट से हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि ये ट्रांजिशन फेज है, गलतियां होंगी। अय्यर ने मैच के बाद कहा,"यहां कई युवा खिलाड़ी पहली बार विदेशी परिस्थितियों में खेल रहे हैं। गलतियां होंगी, लेकिन इन्हीं गलतियों से उन्हें अहसास होगा कि विदेश में अनुकूलन और जागरूकता कितनी जरूरी है।” अय्यर ने कहा कि टीम को जल्दी से गलतियों से सीखना होगा ताकि आगे मजबूत होकर वापसी कर सके। वहीं रमेश का कहना है कि जब तक चयन में ये दोहरे मापदंड खत्म नहीं होंगे, भारत को लगातार अच्छे नतीजे नहीं मिलेंगे।
Updated on:
10 Jul 2026 06:37 pm
Published on:
10 Jul 2026 06:35 pm
