
जिम्बाब्वे से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा भारत (Photo - BCCI)
England vs India, 5th T20: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला कल यानी 11 जुलाई को खेला जाएगा। साउथेम्प्टन के द रोज बाउल मैदान पर खेले जाने वाले इस मैच में भारत हर हाल में जीत दर्ज़ कर सीरीज का अंत सम्मानजनक तरीके से करना चाहेगा। फिलहाल भारत सीरीज में 3-0 से पिछड़ रहा है।
अब तक खेले गए चार मैचों में भारत को तीन हार मिली हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण धुल गया था। अगर भारत आखिरी मैच भी हार जाता है, तो वह लगातार दूसरी बार व्हाइटवॉश का शिकार हो जाएगा। इससे पहले आयरलैंड ने भारत को 2-0 से हराया था। इंग्लैंड के लिए मामला सीधा है। एक और जीत के साथ वह भारत का सूपड़ा साफ कर देगा और आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर 1 की पोजीशन हासिल कर लेगा।
चार महीने पहले टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम अचानक कठिन दौर से गुजर रही है। टीम प्रबंधन ने बड़े बदलाव करते हुए विश्व कप के हीरो संजू सैमसन को टीम से बाहर कर दिया। साथ ही सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर को सीधे टीम का कप्तान बना दिया। इन बदलावों के बाद टीम का संतुलन बिगड़ गया और भारतीय टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है।
जब से श्रेयस अय्यर कप्तान बने हैं, भारतीय टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई है। यह पहला मौका है जब टीम इतने लंबे समय तक बिना जीत के रह गई है। खिलाड़ी के रूप में श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, लेकिन उनकी कप्तानी सवालों के घेरे में है। भारतीय बल्लेबाज अंग्रेजी तेज गेंदबाजों के सामने बार-बार लड़खड़ा रहे हैं, जबकि भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आ रहे हैं।
तीसरे टी20 में भारत की पूरी टीम सिर्फ 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी और टीम को इस फॉर्मेट की रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा था। इंग्लैंड ने तीसरे टी20 में भारत को 125 रनों से हराया था। वहीं, चौथे टी20 में भी भारतीय बल्लेबाज 20 ओवर में 158 रन ही बना सके थे, जिसे इंग्लैंड ने सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था। चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारत को पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 ( दो या उससे अधिक मैच) सीरीज गंवानी पड़ी।
भारतीय टीम का न तो टॉप ऑर्डर अच्छी लय में दिखाई दिया है और न ही मध्यक्रम इस टी20 सीरीज में कोई खास योगदान दे सका है। वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल और शिवम दुबे बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं। भारतीय बल्लेबाजों को परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। भारत को अगर मेंस की टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अपनी टॉप पोजीशन बचानी है, तो उन्हें शनिवार को साउथेम्प्टन के द रोज बाउल में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 में जीत हासिल करनी होगी।
Updated on:
10 Jul 2026 05:55 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
