
England vs India T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 1 जुलाई से होगी। इस सीरीज से पहले भारतीय टीम का 16 सीरीज से चला आ रहा अजेय सिलसिला टूट गया। भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से हार झेलनी पड़ी। इससे पहले साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया का टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ किया था। इस हार और वैभव सूर्यवंशी को मौका न देने के लिए टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना हो रही है। हालांकि जिस तरह से टॉप 3 ने आयरलैंड के खिलाफ प्रदर्शन किया है, उससे वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ मौका मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया के टॉप 3 बल्लेबाजों ने मिलकर 67 रन बनाए। इसमें संजू सैमसन के नाम सिर्फ 5 रन, अभिषेक शर्मा के नाम 49 रन और ईशान किशन के नाम 13 रन शामिल है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा दूसरे टी20 में खाता भी नहीं खोल सके थे, तो ईशान पहले मैच में सिर्फ एक रन ही बना सके। इस प्रदर्शन के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है।
राइट और लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों का कॉम्बिनेशन बनाए रखने के लिए टीम इंडिया के पास सबसे बेहतरीन विकल्प वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन हो सकते हैं। ईशान किशन को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भी मौका मिलता नजर आ रहा है लेकिन कुछ मैचों से अभिषेक शर्मा को बाहर किया जा सकता है। अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन वर्ल्डकप में भी कुछ खास नहीं रहा था। वहीं दूसरी ओर ईशान किशन ने वापसी के बाद दमदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में अगर संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा में से कोई बाहर हो सकता है, तो वह अभिषेक शर्मा होंगे।
अभिषेक शर्मा के बाहर होने से प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री हो सकती है और फिर संजू सैमसन के साथ वह ओपनिंग कर सकते हैं। ईशान किशन इंग्लैंड में भी वन डाउन पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर भी बाहर बैठे नजर आ सकते हैं।
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा।