
ENG-W vs SA-W, ICC Women's ODI World Cup 2025: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 10 विकेट से हराकर महिला वनडे वर्ल्ड कप में अपने सफर का आगाज दमदार अंदाज में किया है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। गेंदबाजों ने कप्तान नेट साइवर ब्रंट के फैसले को सही साबित किया और साउथ अफ्रीका को 20.4 ओवर में 69 रन पर समेट दिया।
विकेटकीपर सिनालो जाफ्ता एकमात्र बल्लेबाज रहीं, जो अंकों में प्रवेश कर सकीं। जाफ्ता ने 36 गेंद पर 22 रन बनाए। इसके अलावा साउथ अफ्रीका की कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना करने में सफल नहीं रही। पांच बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हुईं।
इंग्लैंड के लिए लिंसे स्मिथ ने बेहतरीन स्पेल किया। स्मिथ ने 4 ओवर में 2 मेडन फेंकते हुए 7 रन देकर 3 विकेट लिए। नेट साइवर ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन, और चार्ली डीन ने 2-2 विकेट लिए। लॉरेन बेल को 1 विकेट मिला।
बल्लेबाजी में निराश करने वाली साउथ अफ्रीका ने गेंदबाजी में भी निराश किया। साउथ अफ्रीकी गेंदबाज इंग्लैंड का एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हो सकीं। इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत करने आई टैमी ब्यूमाउंट और एमी जोंस ने 14.1 ओवर में 73 रन बनाते हुए टीम को 10 विकेट से जीत दिला दी। टैमी 35 गेंद पर 3 चौके की मदद से 21 रन बनाकर और एमी जोंस 40 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। लिंसे स्मिथ को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
साउथ अफ्रीका ने हाल ही में पाकिस्तान को वनडे सीरीज में उसी के घर में हराया है। सीरीज में अफ्रीकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा था। ऐसे में वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन अगले मैचों से पहले टीम के आत्मविश्वास को कमजोर करेगा।
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीकी टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका का महिला वनडे में यह तीसरा न्यूनतम स्कोर है। वैसे महिला वनडे में साउथ अफ्रीका का सबसे न्यूनतम स्कोर 51 रन है, जिसे उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2009 में बनाया था। वहीं साउथ अफ्रीका का दूसरा न्यूनतम स्कोर 63 रन है, जिसे इन्होंने 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। वैसे महिला वनडे में सबसे न्यूनतम स्कोर नीदरलैंड के नाम है, जिसे उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2008 में बनाया था।