
ENG W vs IND W T20 Series: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। तीन मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से हार गई। पहले मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम को लगातार दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा।
तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 180 रन बनाए। फिर 181 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने सिर्फ 4 विकेट गंवाकर 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। इस हार ने टीम इंडिया की तैयारियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
आपको बता दें कि इंग्लैंड की सरजमीं पर ही वूमेन्स क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप खेलना है। भारतीय टीम ग्रुप A में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के साथ है, जबकि ग्रुप बी में इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप से सिर्फ दो ही टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के रहते हुए जिस तरीके से भारतीय टीम का प्रदर्शन रहा है, उसे देखते हुए टीम इंडिया का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल लग रहा है।
इस सीरीज में भारतीय टीम ने पहले मुकाबले को छोड़ दें तो आखिरी दोनों मैचों में हर विभाग में निराश किया है। ना टीम इंडिया की गेंदबाजी ने प्रभावित किया और ना ही बल्लेबाज कुछ खास कर पाए। यास्तिका भाटिया ने सीरीज में सबसे ज्यादा रन जरूर बनाए, लेकिन शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स कुछ खास नहीं कर पाईं।
गेंदबाजी में भी टीम इंडिया का हाल यही रहा। चार मैचों में 5 विकेट अरुंधति रेड्डी ने चटकाए, जबकि क्रांति गौड़ ने भी तीन मैचों में 5 विकेट लिए। श्री चरणी ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि नंदिनी शर्मा ने भी चार विकेट चटकाए। दीप्ति शर्मा और श्रीलंका पाटिल तो सिर्फ 2-2 विकेट ही ले पाई हैं।
टी20 वर्ल्डकप से पहले भारतीय वूमेन्स टीम कार्डिफ में वेस्टइंडीज के खिलाफ और डर्बी में इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच खेलेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी और भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के साथ 14 जून को खेलेगी। यह मैच बर्मिंघम में खेला जाएगा।