क्रिकेट

Australia vs England T20 WC Final: फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से पार नहीं पा पाता इंग्लैंड, तीन बार मिल चुकी है खिताबी मैच में हार

टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्टेलिया और इंग्लैंड की यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले, दोनों टीमें तीन बार फटाफट क्रिकेट के वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतर चुकी हैं और तीनों ही बार जीत ऑस्ट्रेलिया के हाथ लगी है।
2 min read
Jul 05, 2026
Eng vs AUS
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। (photo - ICC)

England Women vs Australia Women, Final, ICC Women's T20 World Cup 2026: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रविवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। हालांकि, खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया से पार नहीं पा पाती है और इस बात की गवाही खुद आंकड़े भी दे रहे हैं।

फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की यह चौथी भिड़ंत होगी

टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले, दोनों टीमें तीन बार फटाफट क्रिकेट के वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतर चुकी हैं और तीनों ही बार जीत ऑस्ट्रेलिया के हाथ लगी है। साल 2012 में ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार इंग्लैंड को फाइनल में हराया था। वहीं, 2014 में कंगारू टीम ने फिर से यही कहानी खिताबी मुकाबले में दोहराई थी। 2018 में भी हुए टी20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड का चैंपियन बनने का सपना तोड़ा था।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की अब तक कुल 7 बार भिड़ंत हुई है

टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की अब तक कुल 7 बार भिड़ंत हुई है। इसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 4 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, इंग्लैंड सिर्फ दो बार ही ऑस्ट्रेलिया को हरा सकी है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। हालांकि, घरेलू सरजमीं का बेमिसाल रिकॉर्ड इंग्लैंड के पक्ष में जरूर जा रहा है। टी20 विश्व कप में इंग्लैंड ने आज तक अपनी घरेलू सरजमीं पर एक भी मैच नहीं गंवाया है। इंग्लिश टीम ने कुल 11 मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है।

डैनी व्याट का प्रदर्शन कमाल का

इंग्लैंड का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 में भी शानदार रहा है। टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में डैनी व्याट का प्रदर्शन कमाल का रहा है। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। व्याट 6 पारियों में 294 रन बना चुकी हैं। वहीं, गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हुई हैं।

दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने भी बिना कोई मैच गंवाए खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया है। बल्लेबाजी में एलिसा पेरी शानदार लय में नजर आई हैं। वह 6 पारियों में 185 रन बना चुकी हैं। वहीं, गेंदबाजी में कप्तान सोफी मोलिनेक्स असरदार साबित हुई हैं। मोलिनेक्स 6 मुकाबलों में अब तक कुल 10 विकेट चटका चुकी हैं।

Published on:
05 Jul 2026 07:40 pm