क्रिकेट

ENG vs IND 4th T20I Playing XI: भारत के लिए करो या मरो वाला होगा चौथा मुकाबला, संजू सैमसन की हुई वापसी, तो किसका कटेगा पत्ता?

ENG vs IND 4th T20I Playing XI Prediction: भारत और इंग्‍लैंड के बीच चौथा टी20 ब्रिस्‍टल के काउंटी ग्राउंट में गुरुवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम के लिए यह मैच करो या मरो वाला होगा। ऐसे में टीम में कुछ बदलाव हो सकते हैं। आइये मैच से पहले भारत की संभावित प्‍लेइंग इलेवन पर एक नजर डालते हैं।
2 min read
Jul 08, 2026
Ind vs Zim 2nd T20I Playing XI
भारतीय टीम। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)

England vs India 4th T20I Playing XI: भारतीय टीम ने अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में खिताबी जीत के बाद पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। आयरलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक क्‍लीन स्‍वीप कराने के इंग्‍लैंड के खिलाफ एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। फिर मैनचेस्टर और ट्रेंट ब्रिज में बुरी तरह से हार का मुंह देखना पड़ा। अब भारत ब्रिस्टल में एक अहम मैच में उतरेगा, जो कि करो या मरो वाला होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर संजू सैमसन को इस मैच में वापस ला सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो किसे बाहर किया जा सकता है। आइये आपको भी बताते हैं।

तिलक वर्मा का काउंटडाउन शुरू

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और यहां तक ​​कि श्रेयस अय्यर ने भी इंग्‍लैंड के खिलाफ रन बनाए हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने कुछ स्पार्क दिखाया है, लेकिन टीम मैनेमेंट इस युवा बल्‍लेबाज को अभी कुछ और मौके देना चाहेगा। सबसे बड़ा सवाल तिलक वर्मा को लेकर है, जो इस सीरीज में कुछ भी नहीं कर पाए हैं। वह इंग्‍लैंड खिलाफ पिछले तीन मैचों में 13, 24 और 3 रन की पारियां ही खेल पाए हैं। अगर संजू सैमसन आते हैं तो तिलक को बाहर किया जा सकता है।

तिलक स्पिन के खिलाफ बहुत खराब

तिलक स्पिन के खिलाफ बहुत खराब रहे हैं। उन्होंने 2025 से टी20 इंटरनेशनल में सभी तरह की स्पिन बॉलिंग के खिलाफ सिर्फ 109.5 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। विरोधी टीम अच्‍छे से जानती हैं कि गेम के बीच के फेज में उन्हें कैसे रोकना है। इसमें कोई शक नहीं कि तिलक के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है, भले ही वह टीम के उप-कप्‍तान क्‍यों न हो।

संजू उतर सकते हैं तीसरे नंबर पर

संजू सैमसन बेंच पर बैठे हैं, क्योंकि इंडिया ने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी को टॉप पर रखा गया है। संजू सैमसन को बाहर करने के बाद गंभीर पर भी काफी प्रेशर है। सिर्फ तीन फेलियर (आयरलैंड में दो) के बाद सैमसन को ड्रॉप कर दिया गया। वह जिम्बाब्वे सीरीज का भी हिस्सा नहीं हैं। अगर संजू को चौथे टी20 में वापस लाया गया तो बल्‍लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। अभिषेक-वैभव के बाद दाएं हाथ के संजू को उतारा जा सकता है। ऐसे में ईशान चौथे नंबर पर दिख सकते हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर (C), तिलक वर्मा/संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव।

Updated on:
08 Jul 2026 05:13 pm
Published on:
08 Jul 2026 05:13 pm