क्रिकेट

IND vs ENG: श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, भारत ने किए दो बदलाव, संजू सैमसन को नहीं मिली जगह

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है। वहीं इंग्लैंड भी एक बदलाव के साथ इस मैच में उतरा है।
2 min read
Jul 09, 2026
IND vs ENG
भारतीय कप्‍तान श्रेयस अय्यर और इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक। (फोटो सोर्स: BCCI)

England vs India, 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुक़ाबला खेला जा रहा है। ब्रिस्टल के काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत इस सीरीज में दो मुक़ाबले हार चुका है और 2-0 से पीछे चल रहा है। ऐसे में अगर उन्हें यह सीरीज ड्रा करानी है तो बचे हुए दोनों मुक़ाबले जीतने होंगे।

अय्यर ने लगातार छठा टॉस जीता

भारतीय टी20 कप्तान के रूप में अय्यर ने लगातार छठा टॉस जीता है। टॉस जीतने के बाद अय्यर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। हम अपने प्लान को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। लड़के जोश में हैं। हमें गेम को समझते हुए जल्द संतुलन बनाना होगा। तकनीकी रूप से हमें सबकुछ सही करना होगा। पिच अच्छी लग रही है। हमने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा वापस आए हैं।"

भारत ने किए दो बलदाव

भारतीय टीम से तेज गेंदबाज हर्षित राणा और दाएं हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस के बाद कहा, "हम भी पहले बल्लेबाजी करते। घास अच्छी और बराबर फैली हुई है। यहां जीतकर, सीरीज जीतना अच्छा होगा। हमारे पास बहुत सारे अच्छे खिलाड़ी हैं। लियाम डॉसन की जगह रेहान आए हैं।"

भारतीय टीम को यदि इस सीरीज में हार से बचना है, तो इस मैच को जीतना होगा। टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से पीछे चल रही है। सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से बिना किसी परिणाम के खत्म कर दिया गया था। दूसरे टी20 में भारतीय टीम को 4 विकेट से और तीसरे टी20 में 125 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। 

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बैथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग। 

Updated on:
09 Jul 2026 09:48 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:43 pm