
नई दिल्ली : टीम इंडिया (Team India) के पूर्व सलामी बल्लेबाज और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान (Chetan Chauhan died) की किडनी में इंफेक्शन और कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण मौत हो गई है। वह 73 साल के थे।
योगी मंत्रिमंडल के दूसरे मंत्री का कोरोना के कारण निधन
पूर्व क्रिकेटर और भाजपा नेता चेतन चौहान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल (Cabinet Minister in uttar Pradesh Government Chetan Chauhan) में शामिल दूसरे ऐसे विधायक हैं, जिनका निधन कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित होने के कारण हुआ है। इससे पहले 2 अगस्त को, उत्तर प्रदेश की मंत्री कमल रानी वरुण का भी निधन इसी महामारी के कारण हो गया था। उनके निधन पर कई क्रिकेटरों और राजनेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।
पिछले महीने कोरोना संक्रमित होने का पता चला था
चेतन चौहान (Chetan Chauhan) के कोरोना संक्रमित होने का पता पिछले महीने ही चला था। तब से वह पीजीआई अस्पताल में भर्ती थे। इसके साथ-साथ उनके किडनी में इंफेक्शन भी था। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। कोरोना संक्रमण के कारण उनके किडनी का इंफेक्शन बढ़ गया था। इसलिए उन्हें पीजीआई से अचानक मेदांता अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया गया। वहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
डॉक्चरों की कोशिशें बेकार गई
इसके बाद से डॉक्टर्स चेतन चौहान की हालत पर करीबी नजर बनाए हुए थे और उनको बचाने की कोशिशों में लगे थे, लेकिन उनकी तमाम कोशिशें बेकार साबित हुई और रविवार की शाम चौहान ने दुनिया को अलविदा कह दिया। मेदांता में भर्ती के वक्त चेतन चौहान के साथ मौजूद सनोज भारद्वाज ने बताया था कि चौहान की हालत शनिवार शाम को अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें पीजीआई अस्पताल से मेदांता में भर्ती कराया गया है। वह पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे, जबकि किडनी की समस्या उन्हें लंबे समय से थी। शनिवार की शाम उनके किडनी की समस्या बढ़ गई थी।
नौगांवा से भाजपा विधायक थे चेतन चौहान
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रह चुके चेतन चौहान उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले की नौगांवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से ही वह सक्रिय राजनीति में थे। वह योगी सरकार में सैनिक कल्याण, होम गार्ड, पीआरडी, नागरिक सुरक्षा विभाग के मंत्री थे।
सलामी जोड़ीदार की कमी की थी पूरी चौहान ने
चेतना चौहान का जन्म आजादी से कुछ दिन पहले 27 जुलाई 1947 को हुआ था। उन्होंने महानतम सलामी बल्लेबाज लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर (Little master Sunil Gavaskar) के साथ मिल कर करीब एक दशक तक टीम इंडिया के लिए ओपन किया। जब तक ये दोनों टीम इंडिया में रहे, तब तक लगा कि भारत की सलामी जोड़ी की समस्या काफी हद तक सुलझ गई है। बता दें कि उससे पहले और उसके बाद टीम इंडिया हमेशा से एक अदद सलामी जोड़ी की समस्या से हमेशा जूझती रही है। भारतीय क्रिकेट में चौहान गावस्कर के सबसे अच्छे सलामी जोड़ीदार साबित हुए थे। उन्होंने 40 टेस्ट में 2084 रन बनाए हैं। शतक तो हालांकि वह एक भी नहीं लगा पाए, लेकिन उनके खाते में 16 अर्धशतक जरूर है।