Rishabh Pant captaincy: ऋषभ पंत ने इस सीजन में एलएसजी के लिए 9 मैचों में 128.30 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 204 रन बना पाए हैं। सोमवार रात एमआई के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भी वह 15 रन बना सके। उन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए वसीम जाफर के बाद अब मनोज तिवारी और रोहन गावस्कर ने उन्हें कप्तानी से हटाने की बात कही है।
Rishabh Pant captaincy: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार को मुंबई इंडियंस से हारने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। इसके साथ ही एक बार फिर ऋषभ पंत की कप्तानी सवालों के घेरे में है। कुछ दिन पहले वसीम जाफर ने पंत को कप्तानी से हटाने की बात कही थी, लेकिन अब यह एक आम राय बन गई है, पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी और रोहन गावस्कर भी उनकी बात से सहमत हैं। तिवारी और गावस्कर ने फ्रैंचाइजी से यह कड़ा फैसला लेने की अपील की है कि वे पंत को कप्तानी से हटा दें।
बता दें कि जब ऋषभ पंत 2025 में लखनऊ फ्रैंचाइजी से जुड़े थे और मालिक संजीव गोयनका ने उन्हें कप्तान बनाया था। लेकिन, वह पिछले सीजन की 14 पारियों में सिर्फ 269 रन ही बना पाए थे, उनका औसत भी महज 24.45 का रहा था। इस साल इसमें थोड़ा ही सुधार हुआ है। उन्होंने 9 मैचों में 204 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 128.30 का रहा है, जो काफी चिंताजनक है। इस बार उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक आया है।
तिवारी और गावस्कर ने क्रिकबज पर बातचीत में कहा कि कप्तानी के बोझ की वजह से पंत की बल्लेबाज़ी में गिरावट आई है। गावस्कर ने कहा कि संजीव गोयनका ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह चाहते हैं कि पंत एक विरासत बनाएं, अगले 10–15 सालों तक एलएसजी के लिए खेलें और ट्रॉफियां जीतें। लेकिन, कभी-कभी आपको कुछ खिलाड़ियों को दबाव से बाहर निकालना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस सीजन के बाद एलएसजी को यह फैसला करना ही होगा कि क्या वे उन्हें कप्तान बनाए रखना चाहते हैं। उन्हें सिर्फ अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने की आजादी मिलनी चाहिए, क्योंकि हम सभी उनकी काबिलियत और हुनर को जानते हैं। जब टीम का प्रदर्शन खराब होता है, तो उसका दबाव कप्तान पर भी आता है तो उसे उस दबाव से आजाद करो और उसे आजादी से खेलने दो।
वहीं, तिवारी ने भी कुछ ऐसी ही बात कही। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि कप्तानी के दबाव में हम पंत को एक बल्लेबाज के तौर पर खो रहे हैं। एक ऐसा खिलाड़ी जिसने पहले इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। इस सीजन में वह उस तरह के रन नहीं बना पा रहा है। इसलिए उसे कप्तानी के बोझ से आजाद करो और उसे सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर खेलने दो। एलएसजी के लिए यही सबसे अच्छा होगा।
एलएसजी के पास साउथ अफ्रीका के टी20 इंटरनेशनल कप्तान एडेन मार्करम मौजूद हैं। एसए20 में एक लीडर के तौर पर वे बेहद कामयाब रहे हैं। उन्होंने सनराइजर्स ईस्टर्न केप को पहले दो सीजन (2023 और 2024) में लगातार दो खिताब जिताए हैं और साथ ही एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर भी अहम योगदान दिया है।
पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने कहा था कि एडेन मार्करम एक बेहतर कप्तान हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका की कप्तानी बहुत कामयाबी से की है। वे मानसिक रूप से मजबूत हैं, बहुत शांत स्वभाव के हैं और वे दूसरे खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सकते हैं। लेकिन, ऐसा लगता नहीं कि असल में ऐसा कुछ होगा। यह सिर्फ मेरा सुझाव है, लेकिन अगर मैं वहां होता तो मैं यही करता।