2 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाकिस्तान से कब कब टीम इंडिया को झेलनी पड़ी है हार? जानें IND vs PAK मैच से पहले पूरा इतिहास

IND vs PAK Head To Head Record: एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टक्कर होगी। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम लगातार दूसरा गोल्ड जीतने के करीब है, जबकि पाकिस्तान पहली बार मेडल हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों और पुराने रिकॉर्ड पर एक नजर।
2 min read
Google source verification
INDIA VS PAKISTAN ASIAN GAMES 2026 FINAL

भारत और पाकिस्तान के बीच कांटे का मुकाबला होने की उम्मीद। (Photo Credit- AI/Chatgpt)

India vs Pakistan T20 Stats: एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम की टक्कर पाकिस्तान से होगी। डिफेंडिंग गोल्ड मेडलिस्ट टीम इंडिया जहां लगातार दूसरा गोल्ड जीतने से एक कदम दूर है, तो वहीं पाकिस्तान की टीम पहली बार मेडल हासिल करना चाहेगी। पिछले संस्करण में पाकिस्तान कांस्य पदक से भी चूक गया था, जहां उसे बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर पहली बार गोल्ड जीता था।

भारतीय टीम का पलड़ा भारी

दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात की जाए तो टीम इंडिया का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। हालांकि, इतिहास में पहली बार जब दोनों टीमें आमने-सामने हुईं तो मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ था और कई बार मुकाबले में पाकिस्तान ने कड़ी टक्कर दी है। अब तक खेले गए 17 मुकाबलों में भारतीय टीम ने 14 में जीत हासिल की है, तो तीन बार पाकिस्तान ने जीत का स्वाद चखा है।

2012 में पाकिस्तान को मिली थी पहली जीत

पाकिस्तान ने भारतीय टीम को पहली बार साल 2012 में हराया था, जब पाकिस्तान की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां दो टी20 मैचों की सीरीज खेली गई थी। पहला मुकाबला बेंगलुरु में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने आसानी से जीत लिया था। हालांकि, उस सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पाकिस्तान को हराकर सीरीज बराबरी कर ली थी।

उसके बाद से 9 सालों तक पाकिस्तान भारत के खिलाफ जीत के लिए तरसता रहा। हालांकि, इस दौरान दोनों के बीच कभी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई, लेकिन दोनों टीमें एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होती रहीं। 2021 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने इतिहास बदला और पहली बार किसी भी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को हराया। यह सिर्फ दूसरा मौका था, जब भारतीय टीम को पाकिस्तान ने हराया था।

इसके बाद अगले साल एशिया कप 2022 का आयोजन हुआ और भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हरा दिया, लेकिन सुपर-4 में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा और यह सिर्फ तीसरा मौका था, जब पाकिस्तान ने भारतीय फैंस के चेहरों को मायूस कर दिया था। हालांकि, यह आखिरी मौका भी था, जब पाकिस्तान ने भारत को हराया था। उसके बाद से अब तक पाकिस्तान कभी जीत नहीं पाया है।

एशिया कप 2022 के बाद भारत और पाकिस्तान की टक्कर एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में कई बार हो चुकी है और हर बार भारतीय टीम को जीत मिली है।

कब हुई थी भारत-पाकिस्तान की पहली टक्कर

सबसे पहले भारत और पाकिस्तान की टक्कर 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी और मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ था। उस मुकाबले में बॉल आउट से नतीजा तय हुआ था, जहां भारतीय टीम ने 3-0 से जीत हासिल की थी। इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारतीय और पाकिस्तान की टक्कर हुई थी, जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता था। टी20 मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान की कई बार फाइनल में टक्कर हो चुकी है और हर बार पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी है। हाल ही में एशिया कप के खिताबी मुकाबले में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था।