क्रिकेट

अतुल वासन ने गंभीर को बताया ‘बड़े ईगो वाला बदमाश’, कहा – मैं बचपन से जनता हूं, उनकी हरकतों से भारतीय टीम के खिलाड़ी घुट रहे हैं

दिल्ली क्रिकेट के पूर्व सिलेक्टर रहे वासन लंबे समय से गंभीर की व्यक्तिगत शैली की आलोचना करते आ रहे हैं। विक्की लालवानी के यूट्यूब शो में उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर बात की।
2 min read
May 07, 2026
Gautam Gambhir on Kirti Azad post
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Photo Credit- IANS)

Atul Wassan on Gautam Gambhir, Indian Cricket team: पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने एक बार फिर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को निशाने पर लिया है। गंभीर की आक्रामक और सख्त व्यक्तित्व को लेकर वासन ने गंभीर विवादित बयान दिया है। वासन का कहना है कि भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी गंभीर के तरीके से खुश नहीं हैं और चुपचाप सह रहे हैं।

दिल्ली क्रिकेट के पूर्व सिलेक्टर रहे वासन लंबे समय से गंभीर की व्यक्तिगत शैली की आलोचना करते आ रहे हैं। विक्की लालवानी के यूट्यूब शो में उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। वासन ने कहा, “मैं गंभीर को बचपन से जानता हूं। हमारे बीच कई मुद्दे रहे हैं। उनके साथ बातचीत हमेशा एक ही मुद्दे पर अटक जाती है, या तो मेरा तरीका, या फिर रास्ता छोड़ दो। वो स्वभाव से ही बुली (धौंस जमाने वाले) किस्म के हैं। दिल्ली क्रिकेट में भी यही करते थे।”

गंभीर का अहंकार दूसरे स्तर का

उन्होंने आगे कहा, "गंभीर का अहंकार दूसरे स्तर का है। वो पैसों वाले घर से आते हैं, अच्छे खिलाड़ी थे, दिमाग तेज है, लेकिन उनका घमंड बहुत ज्यादा है। गंभीर को लगता है कि अगर वो कह दें कि रात है जबकि दिन है, तो सब मान लेंगे। लाइन में रहो, वरना मेरी हिट लिस्ट में आ जाओगे। वो कोशिश करेंगे आपको नुकसान पहुंचाने की। क्रिकेट में उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया है और उनका ये स्वभाव ही उन्हें सफल बनाता रहा।"

वासन ने गंभीर की सफलता और स्वभाव के बीच का संबंध भी जोड़ा। उन्होंने कहा, “क्रिकेट में उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया है और यही आक्रामक स्वभाव उन्हें सफल बनाता रहा। लेकिन समस्या ये है कि गंभीर बिना लड़ाई के अपना बेस्ट नहीं दे सकते। शायद घर पर भी आईने से लड़ते होंगे। उन्हें मूड बनाने के लिए लड़ाई चाहिए।”

सब खिलाड़ी खुश नहीं, कुछ तो चुपचाप सह रहे हैं

वासन ने दावा किया कि टीम इंडिया के सेटअप में सभी खिलाड़ी गंभीर के मैनेजमेंट से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि सभी खिलाड़ी खुश नहीं हो सकते। कोई न कोई ज़रूर बेचैन होगा। इतनी सख्त व्यक्तित्व के साथ पसंद-नापसंद तो होती ही है। अगर आप सख्ती से टीम को हांकते हुए लगातार जीतते रहें तो सब ठीक है, लेकिन हारते ही आलोचना शुरू हो जाएगी।"

जब उनसे पूछा गया कि कौन-कौन से खिलाड़ी नाखुश हैं, तो वासन ने नाम लेने से इनकार कर दिया। वासन ने कहा, "मैं एक-दो खिलाड़ियों को जानता हूं, लेकिन वो खुलकर कुछ नहीं बोलेंगे। मैं इस शो में नाम नहीं ले सकता। सब जानते हैं कि क्या चल रहा है।” वासन ने गंभीर और विराट कोहली के बीच टकराव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों की ओवर-अग्रेसिव और अल्फा मेल व्यक्तित्व अक्सर टकराती है।

बता दें कि गंभीर और वासन के बीच पुरानी रंजिश भी है। जब गंभीर को दिल्ली की कप्तानी से हटाया गया था, तब अतुल वासन सिलेक्टर थे। उस समय गंभीर ने सिलेक्टर्स पर आरोप लगाया था कि उन्हें पहले सूचना तक नहीं दी गई।

Published on:
07 May 2026 12:46 pm