क्रिकेट

IND vs ENG: 4 मैच हारने के बाद गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी, बताया टीम इंडिया से कहां हो रही है चूक

IND vs ENG: टी20 वर्ल्डकप 2026 के बाद भारतीय टीम ने अब तक आयरलैंड के खिलाफ 2 टी20 मैच और इंग्लैंड के खिलाफ 2 टी20 मैच गंवा दिए हैं। इस दौरान एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ है।
2 min read
Jul 08, 2026
Sourav Ganguly advised Gautam Gambhir
भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर। (फोटो सोर्स: ANI)

Gautam Gambhir on Team India 4th Lose: ट्रेंट ब्रिज में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 125 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए और पूरी टीम 76 रन बनाकर सिमट गई। यह टीम इंडिया का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा सबसे छोटा स्कोर और रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद लगातार चार मैच हारने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम का बचाव किया है।

गंभीर ने बताई सबसे बड़ी चूक

उन्होंने कहा, "टीम में ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। उन्हें परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने और उसी के अनुसार खेलने की जरूरत है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हमने इसी सोच के साथ खेला था, जहां टॉप-3 बल्लेबाजों ने हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड की रणनीति अपनाई थी और हमें शानदार नतीजे मिले थे। उस समय टॉप-3 के बाद भी टीम में 4-5 ऐसे खिलाड़ी थे, जो खराब शुरुआत के बाद पारी को संभाल सकते थे। वर्ल्ड कप के बाद हमने वहीं सबसे बड़ी गलती की है। हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड वाले खेल की वजह से कभी-कभी ऐसी परिस्थितियां भी सामने आती हैं। यही वजह है कि हमें हार का सामना करना पड़ा।"

गंभीर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। आप चार मैच हारने के बाद बुरी टीम नहीं बन जाते। कभी-कभी विपक्षी टीम अच्छा खेलती है और कभी आप परिस्थितियों को सही तरीके से नहीं समझ पाते। खेल को पढ़ना भी काफी जरूरी है, जो हम आयरलैंड सीरीज से नहीं कर सके हैं। मुझे नहीं पता कि इंग्लैंड क्या करने की कोशिश करेगा, लेकिन हमें खुद को बेहतर करने पर ध्यान देना होगा। सबसे जरूरी बात यह है कि आज शायद हमारा दिन खराब था। अगर आप पिछले दो टी20 मैच देखेंगे तो हमने 190 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे। जब आप हाई-रिस्क वाला खेल खेलते हैं, तो ऐसी चीजें हो सकती हैं।"

टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार

तीसरे टी20 में इंग्लैंड से मिले 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम शुरुआत से ही बैकफुट पर नजर आई। अभिषेक शर्मा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 10 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी 5 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। ईशान किशन भी 13 रन ही बना सके, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 5 रन बनाए। अक्षर पटेल 10 और तिलक वर्मा सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। हर्षित राणा (9 रन) और शिवम दुबे (2 रन) को जोश टंग ने पवेलियन भेजा। भारतीय बल्लेबाजों ने सिर्फ 11.4 ओवर में ही घुटने टेक दिए और पूरी टीम 76 रन पर ऑलआउट हो गई।

Updated on:
08 Jul 2026 01:40 pm
Published on:
08 Jul 2026 01:40 pm