Mahendra Singh Dhoni के बारे में बात करते हुए Sunil Gavaskar ने कहा कि वह सर्वकालिक भारतीय वनडे टीम की कप्तानी के लिए Kapil Dev से भी बड़े दावेदार हैं।
नई दिल्ली : विश्व के महानतम सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का मानना है कि टीम इंडिया (Team India) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) भारतीय क्रिकेट के लीजेंड सितारे हैं। उनका मानना है कि भारत के एकदिवसीय विश्व कप विजेता दोनों कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव (Kapil Dev) में काफी समानता है। लेकिन धोनी के खाते में आईसीसी ट्रॉफी (ICC Trophy) ज्यादा होने से वह इस मामले में कपिल से आगे हैं। गावस्कर ने कहा कि इसकी एक वजह और है। वह यह कि पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने भारत के वर्तमान कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) सहित कई बड़े खिलाड़ियों को अपनी देखरेख में संवारा है।
'धोनी ने जो हासिल किया है वह उन्हें लीजेंड बनाता है'
सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि इसमें कोई शक ही नहीं है कि धोनी लीजेंड हैं। उन्होंने जो हासिल किया है, वह उन्हें महान बनाता है। देश की जिस तरह से कप्तानी की और युवाओं को तैयार किया वह असाधारण है। उन्होंने सिर्फ लीडर को ही नहीं, बल्कि अन्य खिलाड़ियों को भी तैयार किया है। धोनी ने अपने अंडर में विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को तैयार किया है। इसके अलावा उन्होंने जैसे स्पिनरों को तैयार किया है। वह निश्चित रूप से उन्हें लीजेंड बनाता है।
मैदान ही नहीं, मैदान के बाहर भी है योगदान
सुनील गावस्कर ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी का योगदान न सिर्फ मैदान में, बल्कि मैदान से बाहर है। गावस्कर ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्रों में लीडर की बात होगी, धोनी का नाम हमेशा सामने आएगा। निश्चित रूप से वह उनमें से हैं। गावस्कर ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव का का नजरिया एक जैसा है। दोनों ही बहुत... बहुत ज्यादा समान हैं। इन दोनों को खेल खेलना पसंद था। दोनों एक्शन के केंद्र में रहना पसंद करते थे। ये दोनों अपनी टीमों के लिए शानदार उपलब्धियां हासिल करना चाहते थे। इस लिहाज से दोनों में बहुत समानता है।
दोनों छोटे शहर से आए
सुनील गावस्कर ने कहा कि ये दोनों छोटे शहरों से आए। ऐसे शहरों से जहां जो क्रिकेट केंद्रित नहीं थे। उन्हें लगता है कि यह किस्मत में ही था कि यदि भारत का पहला विश्व कप विजेता कप्तान गैर क्रिकेटीय शहर से होगा तो दूसरा भी गैर-क्रिकेट शहर से होगा। इसके अलावा इन दोनों के बीच एक और समानता यह है कि मैदान पर दोनों ही समान थे। बहुत शांत। ये दोनों शायद ही कभी अपनी भावनाओं को दिखाते हैं। जिससे उनके खिलाड़ियों के लिए आसानी होती है। गावस्कर ने इसका उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे अगर कोई कप्तान कैच छोड़ने या मिसफिल्ड करने वाले पर अधिक चिड़चिड़ा होता है तो खिलाड़ी घबरा जाते हैं। इस मामले में कपिल देव और धोनी को बढ़त हासिल है। वे बहुत अच्छे से अपने इमोशंस पर नियंत्रण रखते हैं, ताकि खिलाड़ियों पर प्रभाव न पड़े और वह आजाद होकर खेल सकें।
धोनी और कपिल हैं सर्वकालिक टीम इंडिया के कप्तानी के दावेदार
गावस्कर ने कहा कि अगर सर्वकालिक टीम इंडिया बनती है तो प्लेइंग इलेवन के कप्तान के लिए कपिल और धोनी बहुत बड़े दावेदार होंगे। अगर वनडे क्रिकेट क्रिकेट की बात करें तो वहां सिर्फ दो दावेदार धोनी और कपिल होंगे। गावस्कर ने कहा कि दूसरों ने भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया हो सकता है, लेकिन जीते ये दोनों ही हैं। इन दोनों ने के अलावा कई और ने द्विपक्षीय सीरीज जीती हैं, लेकिन जब विश्व कप की बात आती है तो सिर्फ ये दोनों ही हैं। उन्हें लगता है कि महेंद्र सिंह धोनी को कपिल पर थोड़ी बढ़त हासिल है, क्योंकि धोनी के पास सिर्फ 50 ओवर का विश्व कप ही नहीं, बल्कि उनके खाते में टी-20 विश्व कप भी जीते हैं। इसलिए उन्हें लगता है कि धोनी ही सही रहेगा।