
भारतीय टेस्ट टीम। (फोटो सोर्स: IANS)
Team India WTC 2027 Final Scenario: भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की मौजूदा साइकिल का हिस्सा है। भारतीय टीम इस साइकिल में अब तक 9 टेस्ट मैच खेल चुकी है, जिनमें से 4 जीतकर 48.15% अंक (PCT) के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के नतीजों से टीम इंडिया के WTC फाइनल में पहुंचने के समीकरण बदल सकते हैं।
भारतीय टीम को WTC की इस साइकिल में अभी 9 टेस्ट मैच और खेलने हैं। इस साइकिल में टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए सभी 9 मुकाबले जीतना काफी मुश्किल माना जा रहा है। आइए समझते हैं कि श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के तीनों नतीजों (जीत, हार या ड्रॉ) का WTC समीकरण पर क्या असर पड़ेगा।
श्रीलंका की टीम इस समय 41.67% अंक (PCT) के साथ छठे स्थान पर भारत से ठीक नीचे है। हालांकि, श्रीलंका के पास फाइनल की रेस में आगे निकलने के ज्यादा मौके हैं क्योंकि उसने अब तक सिर्फ 4 टेस्ट मुकाबले ही खेले हैं।
अगर भारतीय टीम श्रीलंका को 2-0 से हरा देती है, तो उसके रैंक पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन उसका जीत प्रतिशत (PCT) बढ़कर 57.58% हो जाएगा। वहीं, श्रीलंका का जीत प्रतिशत घटकर 27.78% रह जाएगा।
अगर यह दो मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म होती है, तो भी दोनों टीमों की रैंकिंग में बदलाव नहीं होगा। भारत का जीत प्रतिशत मामूली बढ़कर 48.48% हो जाएगा, जबकि श्रीलंका का PCT घटकर 44.44% रह जाएगा।
अगर भारतीय टीम 1-0 से सीरीज अपने नाम करती है, तो उसका जीत प्रतिशत 51.52% हो जाएगा। लेकिन टीम 5वें स्थान पर बनी रहेगी और श्रीलंकाई टीम भी छठे स्थान पर बरकरार रहेगी।
अगर श्रीलंका के खिलाफ भारत 0-1 से सीरीज हार जाता है, तो टीम इंडिया पांचवें से खिसककर छठे स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं श्रीलंका 50% PCT के साथ ऊपर आ जाएगा।
अगर भारत दोनों टेस्ट हार जाता है, तो उसका जीत प्रतिशत गिरकर 39.39% रह जाएगा। दूसरी तरफ, श्रीलंका सीधे चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा और उसका जीत प्रतिशत बढ़कर 61.11% हो जाएगा। टीम इंडिया को छठे स्थान पर खिसकना होगा।
श्रीलंका दौरे के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को 2 मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की लंबी सीरीज खेलनी है। ऐसे में लगातार सात टेस्ट जीतना भारत के लिए काफी मुश्किल काम है। टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचने के लिए बचे हुए 9 में से 7 मैच जीतने होंगे। इसी वजह से श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम हर हाल में 2-0 से सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त को खेला जाएगा।
Updated on:
04 Aug 2026 02:52 pm
Published on:
04 Aug 2026 02:52 pm
