
इंग्लैंड टेस्ट टीम के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Ben Stokes wants to become England coach: बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद टेस्ट कप्तान के तौर पर हैरी ब्रूक को नजरअंदाज किया गया और उनकी जगह जो रूट को फिर से टेस्ट टीम की कमान सौंप दी गई है। स्टोक्स ने ब्रूक को अपना उत्तराधिकारी नहीं बनाए जाने के ईसीबी के फैसले पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि वह एक दिन अपने देश के कोच बनेंगे। ज्ञात हो कि बेन ने चार साल तक इंग्लैंड टीम की कमान संभालने के बाद पिछले महीने ही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
बता दें कि हैरी ब्रूक पहले से ही टी20 और वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे हैं। वह सर्दियों में एशेज टेस्ट सीरीज शुरू होने के बाद से स्टोक्स के डिप्टी थे, लेकिन स्टोक्स के संन्यास के बाद उन्हें कप्तानी नहीं सौंपी गई। उनको नजरअंदाज करते हुए जो रूट को एक बार फिर से इंग्लैंड का टेस्ट कप्तान बना दिया गया। जबकि बेन ब्रूक को कप्तान बनाने के पक्ष में थे।
स्टोक्स ने संन्यास लेते ही हैरी ब्रूक को परमानेंट टेस्ट कप्तान बनाने का समर्थन किया था। उन्हें अभी भी यकीन नहीं है कि ब्रूक को अपॉइंट नहीं किया गया। स्टोक्स ने फॉर द लव ऑफ क्रिकेट पॉडकास्ट पर कहा कि अगर आपको लगता है कि कोई अच्छा कप्तान या अच्छा लीडर बनेगा, तो उन्हें यह मौका देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्रूकी को उपकप्तान बनाया गया था। मैं अब वहां नहीं हूं, लेकिन जब मैंने वह टेस्ट मैच मिस किया, तो मुझे लगा वह वाइस कैप्टन है। मैं कुछ हद तक समझ गया कि वे ऐसा क्यों कह रहे थे, लेकिन इससे उसे क्या मैसेज जा रहा है? वह उपकप्तान है और कप्तान नहीं खेल रहा है, लेकिन वह फिर भी कप्तान नहीं है। और फिर यहां भी यही हुआ।
स्टोक्स ने आगे कहा कि मैं रूट के लिए सफलता के अलावा कुछ नहीं चाहता। मुझे उम्मीद है कि वह आगे बढ़कर कप्तान के तौर पर अपनी भूमिका में शानदार चीजें हासिल करेंगे और वह फ्लेमिंग के साथ इसका मजा लेंगे। वह एक बेहतरीन इंसान हैं।
मैंने फ्लेमिंग के साथ पहले भी काम किया है, लेकिन मैंने जो रूट से कहा कि मेरी एकमात्र चिंता सिर्फ आप हैं। अब मुझे बस इसी की परवाह है, क्योंकि मैंने देखा है कि वह किन हालात से गुजरे हैं और उन्होंने किसी के लिए खुद कितना कुछ झेला है। वह हमेशा टीम को पहले रखते हैं और खुद हमेशा दूसरे नंबर पर आते हैं। मुझे यकीन है कि वह बहुत अच्छा करेंगे। इसलिए मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि टीम आगे क्या करती है?
स्टोक्स ने अंत में कहा कि मुझे पता है कि खेल में बने रहने के लिए मैं क्या करना चाहता हूं, जो कि एक कोच बनना है। क्या मैं एक दिन इंग्लैंड का कोच बनना चाहूंगा? बिल्कुल। मैं ऐसा करना चाहूंगा। मुझे बस खेलने से दूर किसी तरह की लीडरशिप में रहने का आइडिया बहुत पसंद है।
Updated on:
04 Aug 2026 03:03 pm
Published on:
04 Aug 2026 02:35 pm
