क्रिकेट

जयपुर में RR के गेंदबाजों की हुई जमकर कुटाई, IPL के इतिहास में ऐसा करने वाली बन गई पहली टीम

Rajasthan Royals vs Gujarat Titans: गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 230 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इस दौरान राजस्थान के नाम आईपीएल इतिहास का एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
2 min read
May 09, 2026
rajasthan royals ipl 2026 unwanted record
राजस्थान रॉयल्स के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड (फोटो- IANS)

IPL 2026 RR vs GT jaipur SMS Stadium: आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 230 रनों का लक्ष्य रखा है। टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स के लिए बृजेश कुमार ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि यशराज और रविंद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली। इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।

2 सीजन में 7-7 बार खर्च किए 200+ रन

आईपीएल इतिहास में राजस्थान रॉयल्स 2 सीजन में 7 बार 200 या उससे ज्यादा रन कंसीड करने वाली पहली टीम बन गई है।सनराइजर्स हैदराबाद पहली ऐसी टीम थी, जिसके गेंदबाजों ने एक सीजन में 7 बार 200 से ज्यादा रन खर्च किए थे। राजस्थान रॉयल्स ने पिछले सीजन भी यह अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इसके अलावा आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स भी इस सूची में शामिल हुई थीं। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने फिर 7वीं बार 200 से ज्यादा रन लुटा दिए और आईपीएल इतिहास में ऐसा दो बार करने वाली पहली टीम बन गई।

गिल ने खेली धमाकेदार पारी

इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के नियमित कप्तान रियान पारग चोट की वजह से नहीं खेल पाए। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल टॉस के लिए उतरे और उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही और दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। साई सुदर्शन 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 36 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके बाद जोस बटलर सिर्फ 13 रन ही बना सके। कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया ने 4 गेंदों में 14 रन की तेज पारी खेली।

राजस्थान रायल्स के लिए सबसे सफल गेंदबाज बृजेश शर्मा रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट चटकाए। यशराज और रवींद्र जडेजा को भी एक-एक सफलता मिली। तुषार देशपांडे ने 4 ओवर में 52 रन खर्च किए, तो जोफ्रा आर्चर ने 3 ओवर में ही 46 रन लुटा दिए। इन दोनों गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली।

Updated on:
09 May 2026 09:34 pm
Published on:
09 May 2026 09:27 pm
Also Read
View All