क्रिकेट

भारतीय महिला टी20 कप्तान हरमनप्रीत कौर कोरोना पॉजिटिव, साथी खिलाड़ियों से किया ये अनुरोध

भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर कोरोना पॉजिटिव (Harmanpreet Kaur Corona Positive) पाई गई हैं। इसकी जानकारी उन्होंने ट्विटर हैंडल पर दी। साथ ही कहा कि जो भी मेरे संपर्क में आया वह जांच करा लें....  
2 min read
• •
Updated: 30 Mar 2021, 11:45 PM IST
harmanpreet_kaur.jpg

नई दिल्‍ली। भारतीय महिला क्रिकेट टी20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाई गई हैं। हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। 32 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने ट्विटर पर लिखा है कि दुर्भाग्यवश, मैं कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हूं। मैं ठीक हूं और अपने डॉक्टर की सलाह के बाद मैंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान जो भी मेरे संपर्क में आए थे, उनसे मेरा खास अनुरोध है कि कृपया करके अपनी टेस्ट करा लें। भगवान के आशीर्वाद से मैं फिर से मैदान पर वापसी करूंगी। आप सभी से अनुरोध है कि कृपया मास्क पहने और सुरक्षित रहें।

ये खिलाड़ी भी पॉजिटिव पाए गए
कप्‍तान हरमनप्रीत कौर हाल ही में लखनऊ में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम की हिस्सा थीं। हालांकि चोट के कारण वह टी20 सीरीज में नहीं खेल पाई थी और उनकी जगह स्मृति मंधाना ने कप्तानी की थी। भारत वनडे सीरीज 1-4 से और टी20 सीरीज 1-2 से हार गई थी। हरमनप्रीत से पहले पूर्व भारतीय आलराउंडर इरफान पठान, पूर्व कप्‍तान एस बद्रीनाथ, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और इरफान पठान के बड़े भाई यूसुफ पठान भी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं और ये सभी खिलाड़ी हाल में छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का खिताब जीतने वाली इंडिया लीजेंड्स टीम का हिस्सा थे।

अन्य खिलाड़ियों को भी खतरे की आशंका
रोड सेफ्टी वर्ल्‍ड सीरीज में खेलने वाले खिलाड़ियों में सबसे पहले सचिन तेंदुलकर ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद आशंका थी कि कुछ और भी खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव आ सकते हैं। और हुआ भी यही, सचिन तेंदुलकर के बाद इरफान पठान, यूसुफ पठान और एस बद्रीनाथ भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि राहत की बात ये है कि टीम के बाकी खिलाड़ी अभी पूरी तरह से ठीक हैं। लेकिन हरमीनप्रीत कौर के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद एक बार फिर खतरे की आशंका गहरा गई है। उम्‍मीद की जानी चाहिए कि बाकी कोई भी खिलाड़ी वायरस की चपेट में न ही आया हो।

Updated on:
30 Mar 2021, 11:45 PM IST
Published on: