
Hasan Raza Youngest Test Debut: अब जब भी कम उम्र में क्रिकेट की बड़ी ऊंचाइयों को छूने की बात होती है तो आज वैभव सूर्यवंशी की चर्चा सबसे पहले होती है। लेकिन वैभव से करीब 30 साल पहले पाकिस्तान के हसन रजा दुनिया को चौंका चुके थे। हसन रजा आज भी टेस्ट क्रिकेट में अबसे काम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं।
24 अक्टूबर 1996 को जिम्बाब्वे के खिलाफ फैसलाबाद के इकबाल स्टेडियम में हसन रजा ने टेस्ट डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 14 साल और 227 दिन बताई गई थी। यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। छह दिन बाद उन्होंने क्वेटा में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे डेब्यू भी कर लिया।
हसन रजा का नाम अचानक पूरी क्रिकेट दुनिया में चर्चा का विषय बन गया। इतनी कम उम्र में टेस्ट क्रिकेट खेलना किसी चमत्कार से कम नहीं था। बाद में सचिन तेंदुलकर, पार्थिव पटेल और अब वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों की चर्चा हुई, लेकिन हसन का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ सका।
बता दें, उनका करियर उम्मीदों के मुताबिक नहीं चला। उन्होंने पाकिस्तान के लिए सिर्फ 7 टेस्ट और 16 वनडे मैच खेले। इंटरनेशनल करियर 1996 से 2005 तक चला, लेकिन वह टीम में स्थायी जगह नहीं बना सके। हसन रजा का नाम एक और वजह से चर्चा में रहा। उनकी उम्र को लेकर समय-समय पर सवाल उठे। मेडिकल जांच और कुछ रिपोर्टों के बाद उनकी वास्तविक उम्र पर बहस शुरू हुई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भीतर भी इस मुद्दे पर चर्चाएं हुईं। इसके बावजूद आधिकारिक रिकॉर्ड में उनका टेस्ट डेब्यू 14 साल 227 दिन की उम्र में ही दर्ज है और यही रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल रहा।
आज जब भारत के वैभव सूर्यवंशी को भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है, तब हसन रजा की कहानी याद दिलाती है कि कम उम्र में रिकॉर्ड बनाना एक बात है, लेकिन लंबे समय तक ऊंची सीढ़ी पर टिके रहना बिल्कुल अलग चुनौती है। क्रिकेट इतिहास में हसन रजा का नाम हमेशा दुनिया के सबसे युवा टेस्ट क्रिकेटर के रूप में दर्ज रहेगा।