
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान और लेग स्पिनर अनिल कुंबले (Anil Kumble) विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर्स में से एक हैं। कुंबले टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मुथैया मुरलीधरन (Muttiah Muralitharan) और शेन वॉर्न (Shane Warne) के बाद तीसरे नंबर पर हैं। 19 मई को ICC ने कुंबले को एक शानदार वीडियो के जरिए सम्मानित किया। दरअसल, 50 साल के कुंबले को हाल ही आईसीसी हॉल ऑफ फेम (ICC Hall Of Fame) में शामिल किया गया है।
संगकारा ने की कुंबले की तारीफ
आईसीसी ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कुंबले के पुराने साथी उनके कॅरियर और खेल में उनके प्रभाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस वीडियो में सबसे पहले श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने कुंबले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कुंबले एक ऐसे गेंदबाज हैं, जिनके सामने रन बनाना बहुत ही मुश्किल होता था। संगकारा ने कहा कि लेग स्पिनर ने अपने खेलने वाले दिनों में मेरी रातों की नींद उड़ा दी थी।
कई रातों तक मेरी नींद छीन ली थी
आईसीसी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में संगकारा ने कहा, 'कुंबले एक ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने में मेरी कई रातों की नींद छीन ली थी। यह लंबे कद के गेंदबाज क्रीज के पास से हाई आर्म एक्शन से गेंदबाजी करता था। उनकी गेंदे तेज, सीधी और स्टीक होती थी। उनके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं था। उनकी गेंदें काफी उछालभरी और तेज गति वाली होती थी और अगर लेंथ पर कोई रफ हो तो बल्लेबाज के पास रन बनाने का बहुत ही कम मौका होता था। वह एक शानदार और जोशीले क्रिकेटर हैं, लेकिन भारत और विशव क्रिकेट में शानदार चैंपियन हैं।'
बल्लेबाज से लगातार करते थे सवाल
संगकारा की टीम के साथी महिला जयवर्धने ने कुंबले की तारफी करते हुए कहा, 'उन्हें पता होता था कि उनकी ताकत क्या है। वह उस लैंथ से कभी भी दूर नहीं जाते थे और लगातार बल्लेबाज से सवाल पूछते रहते थे। अगर आप बल्लेबाज के रूप में अंनिल कुंबले का सामना करते हैं तो आपको पता होना चाहिए कि उनके पास आपके लिए कोई ना कोई नया प्लान तैयार है।'
वसीम ने बताया अलग ही गेंदबाज
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने बताया कि कुंबले अन्य स्पिनरों से अलग थे। वसीम ने कहा, 'मुझे याद है कि भारत में दिल्ली में उन्होंने हमारे खिलाफ 10 विकेट लिए थे। मैं आखिरी विकेट था, मुझे याद आता है कि ये बिलकुल कल की बात है। बहुत मुश्किल गेंदबाज, किसी अन्य लेग स्पिनर से अलग हैं।'
कुंबले का क्रिकेट कॅरियर
कुंबले ने 132 टेस्ट मैचों में 29.65 की औसत से 619 विकेट और वनडे में 30.9 के औसत से 337 विकेट हासिल किए हैं। कुंबले ने 403 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 956 विकेट चटकाया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम हैं जिन्होंने 495 मैचों में 1347 विकेट चटकाया है। इसके बाद शेन वॉर्न (339 मैच में 1001 विकेट), ग्लेन मैक्ग्रा (376 मैच में 949) और वसीम अकरम (460 मैच में 916 विकेट) का नंबर है।