
ODI Player Ranking: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज समाप्त हो चुकी है। इसके बाद आईसीसी की ओर से जारी ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप-10 में जगह बना ली है। वहीं, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, शुभमन गिल अपनी शीर्ष पोजिशन पर काबिज हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 अक्टूबर को केएल राहुल ने नाबाद 129 रनों की पारी खेली थी। इसके चलते उनकी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में उछाल आया है। अब वह सात स्थान की छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, विराट कोहली को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल एक स्थान के सुधार के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा और अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं। बाबर आजम और कुसल मेंडिस एक-एक स्थान खिसककर क्रमशः सातवें और आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के जो रूट नौवें नंबर पर बरकरार हैं। भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में चार स्थान का नुकसान हुआ है। अब वह 18वें नंबर पर काबिज हैं।
आईसीसी की ओर से जारी ODI बॉलिंग रैंकिंग में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जायडेन सील्स ने जबरदस्त छलांग लगाई है। उन्होंने 12 स्थान की छलांग लगाकर 10वें नंबर पर जगह बना ली है। भारत के कुलदीप यादव शीर्ष-10 में शामिल इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं, हालांकि उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब कुलदीप यादव छठे नंबर पर हैं।
अफगानिस्तान के राशिद खान शीर्ष पर बरकरार हैं, जबकि पाकिस्तान के अबरार अहमद ने अपना दूसरा स्थान कायम रखा है। दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज तीसरे और न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर चौथे नंबर पर हैं। श्रीलंका के महीश थीक्षाना ने दो पायदान की छलांग लगाकर पांचवें नंबर पर जगह बना ली है। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर सातवें और पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी आठवें नंबर पर काबिज हैं।
आईसीसी की ओर से जारी वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में अक्षर पटेल टॉप-10 में शामिल इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। अमेरिका के मिलिंद कुमार चार पायदान की छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई शीर्ष स्थान पर काबिज हैं, जबकि जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा दूसरे पायदान पर हैं। बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज तीसरे, जबकि न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल और मिचेल सैंटनर क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान आठवें नंबर पर हैं।