क्रिकेट

ICC Ranking: विराट कोहली की बादशाहत बरकरार, करन और मोईन ने लगाई लंबी छलांग

साउथहैम्पटन टेस्ट के बाद जारी आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में विराट कोहली नंबर वन पर काबिज हैं। जबकि सैम करन और मोईन अली की रैंकिंग में खासा सुधार हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 3 Sep 2018, 4:19 PM IST
icc ranking
ICC Ranking: विराट कोहली की बादशाहत बरकरार, करन और मोईन ने लगाई लंबी छलांग

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिेकट काउंसिल द्वारा जारी हालिया टेस्ट रैंकिंग में भारतीय कप्तान विराट कोहली की बादशाहत बरकरार है। कोहली 937 अंकों के साथ दुनिया से नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज बने हुए है। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में 60 रनों से हार मिली थी। ऐसे में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड ने 3-1 से अजेय बढ़त बना ली है। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में पहली पारी में 46 और दूसरी पारी में बनाए गए 58 रनों की बदौलत कोहली टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं।

बेहतरीन फॉर्म में है कोहली-
कोहली ने अब तक खेले गए चार टेस्ट मैचों की आठ पारियों में कुल 544 रन बनाए हैं। रैंटिंग प्वाइंट के आधार पर वह बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाजों में 11वें स्थान पर हैं। वह गैरी सोबर्स, क्लेड वॉलकॉट, विवियन रिचर्ड्स और कुमार संगकारा से केवल एक अंक पीछे हैं। आईसीसी ने सोमवार को जारी बयान में यह बात कही।

मो. शमी टॉप 20 में शामिल-
टेस्ट बल्लेबाजों की इस रैंकिंग में भारत के चेतेश्वर पुजारा छठे स्थान पर बने हुए हैं। साउथम्पटन टेस्ट में भारत के लिए 132 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले पुजारा के अंक 763 से 798 हो गए हैं। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चौथे टेस्ट मैच में कुल छह विकेट लिए और इस प्रदर्शन के तहत वह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष-20 खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। वह तीन स्थान ऊपर उठते हुए 19वें स्थान पर आ गए हैं। इसके अलावा, चौथे टेस्ट मैच में चार विकेट लेने वाले इशांत शर्मा ने भी एक स्थान ऊपर उठते हुए 25वां स्थान हासिल किया है। जसप्रीत बुमराह इस सूची में 37वें स्थान पर हैं।

करन, मोईन और बटलर की लंबी छलांग-
अन्य खिलाड़ियों की बात की जाए, तो इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी सैम करन ने लंबी छलांग लगाते हुए 29 स्थान ऊपर उठकर 43वां स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में 78 और दूसरी पारी में 46 रन बनाए थे। चौथे टेस्ट मैच में नौ विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीतने वाले मोइन अली गेंदबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर उठकर 33वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा, इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर ने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने 15 स्थानों की छलांग लगाकर यह रैंकिंग हासिल की। वह अपनी टीम के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स से केवल पांच अंक पीछे हैं।

Published on: