क्रिकेट

ICC ने BCB के T20 वर्ल्ड कप वेन्यू बदलने की अपील खारिज करते हुए दिया ये अल्टीमेटम, जानें अब आगे क्या होगा

Bangladesh T20 World Cup participation: बांग्‍लादेश के टी20 वर्ल्‍ड कप मैचों को भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग को आईसीसी ने खारिज करते हुए 24 घंटे का अल्‍टीमेटम दिया है। जिसके बाद आज बांग्‍लादेश सरकार, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशासकों के बीच एक अहम बैठक होने वाली है।

2 min read
Jan 22, 2026
बांग्‍लादेश टीम। इनसर्ट में आईसीसी चेयरमैन जय शाह। (फोटो सोर्स: IANS)

Bangladesh T20 World Cup participation: भारत में 7 फरवरी से खेले जाने वाले आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी खतरे में पड़ गई है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के उस अनुरोध को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने अपने मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी। इसके बाद बांग्‍लादेश में सरकार, खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशासकों के बीच बातचीत का एक इमरजेंसी दौर शुरू हो गया है।

ये भी पढ़ें

बांग्लादेश के वर्ल्डकप मैचों के वेन्यू पर ICC का बड़ा फैसला, वोटिंग में पाकिस्तान की भी हुई फजीहत

आज खेल सलाहकार नेशनल क्रिकेटरों से करेंगे मुलाकात

बताया जा रहा है कि बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल गुरुवार 22 जनवरी को ढाका के एक होटल में नेशनल क्रिकेटरों से मुलाकात करने वाले हैं। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 3 बजे होने वाली इस मीटिंग का मकसद खिलाड़ियों को लेटेस्ट डेवलपमेंट्स के बारे में जानकारी देना और उनके विचार जानना है, क्योंकि यह सामने आया है कि शुरुआती गतिरोध के दौरान टीम से सलाह नहीं ली गई। T20I कप्तान लिटन कुमार दास ने भी खिलाड़ियों से सहमति नहीं लेने की बात कही थी।

बांग्‍लादेश के पक्ष में आए सिर्फ दो वोट

आईसीसी का फैसला बुधवार को लगभग डेढ़ घंटे तक चली बोर्ड मीटिंग के बाद आया, जिसमें बांग्लादेश के प्रस्ताव पर वोटिंग हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, सिर्फ दो सदस्यों को छोड़कर सभी ने बांग्लादेश की अपील के खिलाफ वोट किया। यहां तक ​​कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आखिरी समय में मिले समर्थन से भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हो सका।

'हम वोटिंग में नहीं जाना चाहते थे'

प्रस्‍ताव खारिज होने के बाद बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा कि मुझे आईसीसी से किसी चमत्कार की उम्मीद है। कौन वर्ल्ड कप नहीं खेलना चाहता? वोटिंग शुरू होने से पहले हमने आईसीसी को अपने फैसले के कारण बताए थे और हम वोटिंग में भी नहीं जाना चाहते थे।

बांग्लादेश को 24 घंटे का समय

बता दें कि आईसीसी ने प्रस्‍ताव खारिज करने के बाद एक तरह से अल्टीमेटम जारी किया। बांग्लादेश को 24 घंटे का समय दिया गया है कि वे पुष्टि करें कि टूर्नामेंट के लिए भारत जाएंगे या नहीं। ऐसा न करने पर उनकी जगह स्कॉटलैंड के ग्रुप सी में आने की उम्मीद है।

बांग्लादेश के खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं

बांग्लादेश के खिलाड़ी पहले ही साफ कर चुक हैं कि वह वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। जबकि बांग्लादेश सरकार चाहती है कि बांग्लादेश वर्ल्ड कप खेले, लेकिन श्रीलंका में। अमीनुल ने बताया कि बीसीबी ने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने या आयरलैंड या जिम्बाब्वे के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव दिया था। यह सबसे आसान तरीका होता, लेकिन श्रीलंका ने कहा कि हम अपने ग्रुप में कोई नई टीम नहीं चाहते।

'आईसीसी का मन अभी भी बदल सकता है'

अमीनुल ने आगे कहा कि वोटिंग के बाद उन्होंने सरकार से सलाह लेने के लिए और समय मांगा है। मैंने उनसे कहा कि मैं अपनी सरकार को बताने के लिए एक आखिरी मौका चाहता हूं। उन्होंने कहा कि यह एक सही बात है और मुझे 24 या 48 घंटे का समय दिया, ताकि मैं उनसे दोबारा संपर्क कर सकूं। प्रस्‍ताव खारिज होने के बावजूद बीसीबी ने बातचीत का दरवाजा पूरी तरह से बंद नहीं किया है। एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि आईसीसी का मन अभी भी बदल सकता है।

ये भी पढ़ें

पाकिस्तान ने फिर डाला आग में घी, T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की भागीदारी पर आखिरी फैसले से पहले ICC को PCB ने भेजा ये ईमेल

Also Read
View All

अगली खबर