ICC की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने गदर मचा दिया है! लेकिन पाकिस्तान के इस खिलाड़ी ने नंबर-1 ऑलराउंडर बनकर सबको चौंका दिया है। जानिए पूरी लिस्ट...
ICC T20I Ranking: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की टी20 रैंकिंग ने पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच आई इस अपडेटेड लिस्ट में भारतीय सितारों का बोलबाला देखने को मिल रहा है। जहां एक भारतीय बल्लेबाज ने लंबी छलांग लगाकर टॉप-10 में अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं एक पाकिस्तानी खिलाड़ी फिर से दुनिया का नंबर-1 ऑलराउंडर बन गया है। इसके अलावा, साउथ अफ्रीका और अमेरिका के खिलाड़ियों ने भी रैंकिंग में बड़ी उलटफेर की है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ 77 और नामीबिया के खिलाफ 61 रनों की तूफानी पारियों के दम पर ईशान किशन 17 पायदान ऊपर चढ़कर अब 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके 732 रेटिंग पॉइंट्स हो गए हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा दो बार जीरो पर आउट होने के बावजूद 891 अंकों के साथ टॉप पर बने हुए हैं, हालांकि उन्हें 17 पॉइंट्स का नुकसान हुआ है। कप्तान सूर्यकुमार यादव छठे और तिलक वर्मा चौथे स्थान पर कायम हैं।
श्रीलंका के पथुम निसांका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेंचुरी जड़कर अब तीसरे नंबर पर आ गए हैं। फिल साल्ट (इंग्लैंड), ये दूसरे नंबर पर जमे हुए हैं। साउथ अफ्रीका के रयान रिकेल्टन सीधे 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं। सैतेजा मुक्कामल्ला (USA), अमेरिका के खिलाड़ी भी 21वें नंबर पर आ गया है।
पाकिस्तान के सईम अयूब और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा के बीच नंबर-1 की कुर्सी के लिए म्यूजिकल चेयर का खेल चल रहा है। इस बार अयूब ने बाजी मार ली है और 303 अंकों के साथ फिर से नंबर-1 बन गए हैं। भारत के खिलाफ मैच में उन्होंने 3 विकेट चटकाए थे। सिकंदर रजा दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। हार्दिक पांड्या 282 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। दीपेंद्र सिंह ऐरी (नेपाल) भी अब संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर आ गए हैं।
गेंदबाजों की लिस्ट में भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत कायम है। 796 अंकों के साथ वे दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बने हुए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की थी। राशिद खान (अफगानिस्तान) दूसरे नंबर पर आ गए हैं। ब्रैड इवांस (जिम्बाब्वे) 5वें नंबर पर पहुंच गए। अक्षर पटेल अब 14वें और जसप्रीत बुमराह 15वें नंबर पर आ गए हैं।