
नामीबिया के खिलाफ शॉट खेलते पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान। (फोटो सोर्स: IANS)
Pak vs Nam Match Highlights: पाकिस्तान की टीम नामीबिया के खिलाफ आज कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में करो या मरो का मुकाबला खेल रही है। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 199 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे हैं। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने तूफानी शतकीय पारी खेली है। उन्होंने महज 57 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को ओपनर साहिबजादा फरहान और सईम अयूब ने अच्छी शुरुआत दिलाई। पाकिस्तान का पहला विकेट 40 के स्कोर पर अयूब के रूप में गिरा, जिन्होंने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए। इसके बाद कप्तान सलमान आगा मैदान पर आए और फरहान के साथ नामीबिया के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। सलमान 23 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर 107 के स्कोर पर पवेलियन लौटे। इसके बाद फरहान का साथ देने ख्वाजा नफे आए, लेकिन वह सिर्फ पांच रन बनाकर 118 के स्कोर पर चलते बने।
फिर मैदान पर शादाब खान आए उन्होंने साहिबजादा का बखूबी साथ निभाया। इसी बीच 20 ओवर में 57 गेंदों पर साहिबजादा ने अपना शतक पूरा किया और पाकिस्तान के स्कोर को 199 तक पहुंचाया। फरहान ने 58 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए तो शादाब खान ने 22 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए।
बता दें कि पाकिस्तान का ग्रुप चरण में ये आखिरी मुकाबला है और वह भी करो या मरो वाला। इस मुकाबले को जीतते ही पाकिस्तान की टीम सुपर-8 में जगह बना लेगी। अगर वह इस मैच को हारती है तो यूएसए नेट रन रेट ज्यादा होने के चलते क्वालीफाई कर जाएगी। लेकिन, पाकिस्तान ने नामीबिया के सामने 199 रन का बड़ा लक्ष्य रखा है, जिसे चेज कर पाना नामीबिया के लिए काफी मुश्किल होगा।
Updated on:
18 Feb 2026 04:47 pm
Published on:
18 Feb 2026 04:34 pm
