क्रिकेट

भारत ने नहीं खेला कोई भी मैच, फिर भी इन 5 खिलाड़ियों की बदल गई रैकिंग, 2 को हुआ नुकसान

आईसीसी की नई टी20 रैंकिंग में बिना मैच खेले भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला। संजू सैमसन, बुमराह और तिलक वर्मा को फायदा हुआ, जबकि अर्शदीप और अक्षर पटेल को नुकसान झेलना पड़ा।
2 min read
Mar 18, 2026
टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

ICC Men's T20 Ranking: बुधवार को आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें टी20 रैंकिंग में पांच भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव हुआ है। आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला गया था। उसके बाद से भारतीय टीम ने एक भी मुकाबला नहीं खेला, इसके बावजूद टीम इंडिया के पांच खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है। ये पांच खिलाड़ी वही हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा थे। संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। वहीं अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को नुकसान हुआ है और दोनों एक-एक स्थान नीचे खिसक गए हैं।

दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज अभिषेक

अब समझते हैं कि ऐसा क्यों हुआ। बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 में भारत के चार बल्लेबाज शामिल हैं। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव। वहीं संजू सैमसन 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें एक स्थान का फायदा इसलिए हुआ क्योंकि फिन एलन को दो स्थान का नुकसान हुआ और वह 20वें से 22वें स्थान पर पहुंच गए। यही वजह है कि सैमसन के साथ हैरी ब्रूक को भी आगे बढ़ने का मौका मिला।

इसी तरह गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को एक स्थान का फायदा इसलिए हुआ क्योंकि साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा एक स्थान नीचे खिसककर छठे स्थान पर पहुंच गए। जिसकी वजह से बुमराह पांचवें स्थान पर आ गए। गेंदबाजों की रैंकिंग में ही अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है। अर्शदीप 16वें से 17वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि अक्षर पटेल 17वें से 18वें स्थान पर खिसक गए। इसकी बड़ी वजह मिचेल सेंटनर की शानदार छलांग रही, जिन्होंने 11 स्थान की बढ़त हासिल की।

सेंटनर के आगे बढ़ने की वजह से कई अन्य गेंदबाजों को भी नुकसान हुआ है, जिनमें श्रीलंका के महेश तीक्षणा और वानिंदु हसरंगा, वेस्टइंडीज के अकील हुसैन, पाकिस्तान के सलमान मिर्जा, इंग्लैंड के लियम लिविंगस्टन और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज शामिल हैं, जिन्हें रैंकिंग में पीछे खिसकना पड़ा। टीम इंडिया इस समय टेस्ट रैंकिंग में चौथे स्थान पर है तो टी20 और वनडे रैंकिंग में नंबर वन पर बनी हुई है।

Updated on:
18 Mar 2026 05:36 pm
Published on:
18 Mar 2026 05:36 pm
Also Read
View All