अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने जिम्बॉब्वे को 10 विकेट से मात देते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
नई दिल्ली। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय युवा क्रिकेटरों का शानदार सफर जारी है। टूर्नामेंट के दो लीग मुकाबलों में बड़े अंतर से जीतने वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को जिम्बाव्बे को भी बड़े अंतर से हराया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 154 रन पर ऑल आउट हो गई। 155 के लक्ष्य को हासिल भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट के नुकसान के हासिल कर लिया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभम गिल (90) और हार्विक देसाई ने (56) की बल्लेबाजी ने टीम को हैट्रिक जीत दिला दी। इससे पहले जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस दिखे। पिछले मैच में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले अनुकुल रॉय ने इस मैच में भी घातक गेंदबाजी की। अनुकुल ने 7.1 ओवर की गेंदबाजी करते हुए चार बल्लेबाजों को आउट किया। इस दौरान रॉय ने महज 20 रन खर्च किए।
नियमित अंतराल पर गिरते रहे विकेट
भारतीय गेंदबाज जिम्बॉब्वे को नियमित अंतराल पर झटके देने में सफल रही। जिससे जिम्बॉब्वे की पूरी टीम 48.1 ओवर में 154 रन पर ऑलआउट हो गई। जिम्बॉब्वे की ओर से सबसे अधिक मिल्टन शुम्बा ने 36, कप्तान लियाम निकोल्स ने 31 और वेस्ले माघावेरे ने 30 रन की पारी खेली, जबकि भारत के लिए अनुकूल रॉय के अलावे अभिषेक शर्मा और अर्शदीप ने 2-2 विकेट चटकाने में सफलता हासिल की।
शुभम और हार्विक के बीच शतकीय साझेदारी
इस मैच में कप्तान पृथ्वी शॉ ने दूसरी सलामी जोड़ी को मैदान पर उतारा। मनोज कालरा और पृथ्वी शॉ की बजाए आज शुभम गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज हार्विक देसाई की जोड़ी उतरी। इन दोनों बल्लेबाजों ने इस मौके को अच्छे से भुनाया। देसाई और गिल ने टीम को बिना कोई झटका लगे लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इस दौरान शुभम ने 59 गेंदों में 13 चौके और एक सिक्स की बदौलत 90 रनों की पारी खेली। जबकि देसाई ने 73 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और एक सिक्स की बदौलत 56 रनों पारी खेली। टूर्नामेंट में तीन लगातार जीत के साथ भारतीय टीम नेट रन रेट के मामले में शीर्ष पर चल रही है।