ICC Womens World Cup 2025 Points Table Update: महिला वर्ल्ड कप में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में कंगारू टीम ने 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
ICC Womens World Cup 2025 Points Table Update: आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में अब तक आधे से ज्यादा मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन सेमीफाइनल की तस्वीर अभी तक साफ नहीं हो सकी है। गुरुवार को टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने एलिसा हिली के शतक और फोएबे लिचफिल्ड के अर्धशतक की बदौलत 10 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है। आइये इस मैच के बाद पॉइंट्स टेबल का हाल आपको बताते हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम ने महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने 5 मैचों में 4 जीत और एक बेनतीजा मैच के बाद 9 अंक हासिल किए हैं। वहीं, बांग्लादेश की 5 मैचों में से ये चौथी हार रही। इस हार के साथ ही वह सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर गई है, क्योंकि अब शेष दो मैच जीतकर भी वह 6 अंक ही हासिल कर सकेगी, जो कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए काफी नहीं हैं।
महिला वर्ल्ड कप की पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया के क्वालीफाई करने के बाद अब इंग्लैंड की टीम चार मैचों में तीन जीत, एक बेनतीजा मैच के बाद 7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, तीसरे स्थान पर 6 अंकों के साथ साउथ अफ्रीका की टीम है। जबकि टीम इंडिया चार में से दो हार, दो जीत के बाद 4 अंक के साथ चौथे नंबर पर है तो न्यूजीलैंड चार में से एक जीत, दो हार और एक बेनतीजा मैच के बाद 3 अंक के साथ पांचवें पायदान पर है। इन चारों के बीच ही बाकी तीन स्थानों के लिए कड़ी जंग देखने को मिलेगी।
| टीम | मैच | जीते | हारे | टाई | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| ऑस्ट्रेलिया (Q) | 5 | 4 | 0 | 0 | 1 | 9 | +1.818 |
| इंग्लैंड | 4 | 3 | 0 | 0 | 1 | 7 | +1.864 |
| साउथ अफ्रीका | 4 | 3 | 1 | 0 | 0 | 6 | -0.618 |
| भारत | 4 | 2 | 2 | 0 | 0 | 4 | +0.682 |
| न्यूजीलैंड | 4 | 1 | 2 | 0 | 1 | 3 | -0.245 |
| बांग्लादेश | 5 | 1 | 4 | 0 | 0 | 2 | -0.676 |
| श्रीलंका | 4 | 0 | 2 | 0 | 2 | 2 | -1.526 |
| पाकिस्तान | 4 | 0 | 3 | 0 | 1 | 1 | -1.887 |
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में आज 17 अक्टूबर को 18वां मुकाबला श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समयानुसार, दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर और टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं।