क्रिकेट

पाकिस्तान के सामने पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाई भारतीय टीम, सूर्यवंशी फ्लॉप, 7वें नंबर के बल्लेबाज ने बचाई लाज

IND U19 vs PAK U19 Update: दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेले जा रहे एक मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के सामने 241 रन का लक्ष्य रखा गया है।
2 min read
Dec 14, 2025
IND vs PAK U19 Asia Cup
भारत U19 बनाम पाकिस्तान U19 (फोटो- ACC)

India U19 vs Pakistan U19: यूएई के खिलाफ रनों का अंबार लगाने वाले भारतीय अंडर-19 टीम के बल्लेबाज पाकिस्तान के सामने पूरे 50 ओवर भी नहीं टिक पाए। दुबई में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम पाकिस्तान के सामने 46.1 ओवर में ही ढेर हो गई। यूएई के खिलाफ 171 रन की तूफानी पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 38 रन बनाए। इसके अलावा एरोन जॉर्ज ने सबसे ज्यादा 85 रन और कनिष्क चौहान ने 46 रन की पारी खेली।

कप्तान ने बनाए 38 रन

इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसफ ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया के कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करने उतरे। चौथे ओवर में सूर्यवंशी सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आयुष म्हात्रे और एरोन जॉर्ज ने मिलकर पारी संभाली और टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। 10वें ओवर में आयुष म्हात्रे भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 25 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली। इसके बाद एरोन एक छोर पर जमे रहे, लेकिन दूसरे छोर से विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा।

कनिष्क चौहान ने 46 गेंदों में 46 रन की पारी खेली। एरोन जॉर्ज अपने शतक से चूक गए और 85 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान और मोहम्मद सय्यम ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि निकाब सफीक ने दो विकेट लिए। अली राजा और अहमद हुसैन को एक-एक सफलता मिली।

जीतने वाली टीम को मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान की टीमों ने जीत के साथ अंडर-19 एशिया कप के अभियान का आगाज किया था। भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में यूएई को मात दी थी, जबकि पाकिस्तान ने मलेशिया को 295 रनों से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम को एक मौका और मिलेगा।

Updated on:
14 Dec 2025 04:35 pm
Published on:
14 Dec 2025 03:25 pm