
India tour of Bangladesh 2026, BCB President on Team India: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल को अभी भी उम्मीद है कि सितंबर 2026 में होने वाली वाइट-बॉल सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस सीरीज के तहत 3 वनडे और 3 टी20 मैच बांग्लादेश के अलग-अलग स्टेडियम्स में खेले जाने प्रस्तावित हैं। हालांकि, कई कारणों से अभी इस बहुप्रतीक्षित दौरे पर अनिश्चितता के बादल छाए हुए हैं।
तमीम इकबाल ने जानकारी दी है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ उनकी लगातार बातचीत चल रही है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, तमीम ने कहा, 'दुर्भाग्य से, मेरे पास अभी भारत सीरीज को लेकर कोई पुख्ता खबर नहीं है। मेरी BCCI से चर्चा चल रही है, दोनों बोर्ड्स के सदस्यों के बीच ईमेल का आदान-प्रदान हो रहा है और हम अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे हैं।'
BCB अध्यक्ष ने सीरीज को लेकर अपनी बेताबी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर फैंस, क्रिकेटर्स और पत्रकारों के बीच एक अलग ही स्तर का उत्साह रहता है। तमीम ने भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया, 'बांग्लादेश एक बेहद सुरक्षित देश है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि वे (भारतीय टीम) यहां आएंगे। हमारी तरफ से जो भी कदम उठाए जाने की जरूरत है, हम उठा रहे हैं।'
तमीम ने ईमानदारी से यह भी माना कि वह भारत को बांग्लादेश लाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ चीजें उनके हाथ में नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'मैं BCB का अध्यक्ष हूं और मेरी एक सीमा है जिसे मुझे पार नहीं करना चाहिए। मेरी जिम्मेदारी के दायरे में जो भी मुमकिन है, मैं कर रहा हूं। मैंने सकारात्मक बातचीत की है, लेकिन अंतिम फैसला उन्हें (BCCI को) ही लेना है। बहुत जल्द हमें पता चल जाएगा कि यह सीरीज हो रही है या नहीं।'
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2022 में बांग्लादेश का दौरा किया था, जहां भारत ने 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। इसके बाद, हाल ही में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश जाने से इनकार कर दिया था। इस फैसले ने दोनों देशों के बीच भविष्य के क्रिकेट संबंधों पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि, हालिया कूटनीतिक बदलावों के बाद इस सीरीज के तय समय पर होने की उम्मीदें फिर से जगी हैं।