क्रिकेट

सिर्फ 6 वनडे खेलने वाले खिलाड़ी के लिए खत्म होगा Rohit Sharma का करियर? सेलेक्टर्स को क्यों हिटमैन पर नहीं है भरोसा

Rohit Sharma Retirement News: रोहित शर्मा ने 2019 वनडे वर्ल्डकप में 648 और 2023 वर्ल्डकप में 597 रन बनाए थे। इसके बावजूद अगले वर्ल्डकप से उन्हें बाहर करने की चर्चा तेज हो गई है।
2 min read
Jul 17, 2026
Rohit Sharma Record
रोहित शर्मा। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

Rohit Sharma vs Yashasvi Jaiswal: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उससे ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर हो रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेलते हुए नजर आ सकते हैं। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को 2027 वनडे वर्ल्डकप के लिए चयनकर्ता तैयार करना चाह रहे हैं।

जायसवाल ने खेले हैं सिर्फ 6 वनडे

पिछले दोनों वनडे वर्ल्डकप ने जमकर रह बरसाए हैं। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पिछले कुछ समय से रोहित शर्मा का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला है, जिसकी वजह से चयनकर्ता अब यशस्वी जायसवाल को 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं। जायसवाल ने अब तक भारतीय टीम के लिए सिर्फ 6 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 71 की औसत से 285 रन बनाए हैं। सबसे खास बात यह है कि जायसवाल ने अपने पिछले वनडे मुकाबले में शतक भी जड़ा था।

रोहित शर्मा का आखिरी वनडे शतक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिडनी में आया था, जब उन्होंने तीसरे वनडे मुकाबले में 121 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो अर्धशतक लगाए। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों मैचों में संघर्ष करते नजर आए। लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और तीसरे मुकाबले में 79 रन की पारी खेली थी। ऐसे में देखा जाए तो रोहित शर्मा का फॉर्म शानदार रहा है लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 मैचों में उनका बल्ला नहीं चला है।

वनडे वर्ल्डकप में गरजता है रोहित का बल्ला

रोहित शर्मा वही विदेशी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाए हैं। अब तक 287 वनडे मैचों में 49 की औसत से 11,757 रन बनाने वाले रोहित के नाम 33 शतक और 62 अर्धशतक दर्ज हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक भी हैं। सबसे खास बात यह है कि रोहित शर्मा ने पिछले दोनों वनडे वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी की थी। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने सबसे ज्यादा 648 रन बनाए थे। उन्होंने 9 पारियों में यह कारनामा किया था। वहीं, 2023 वनडे वर्ल्ड कप में उनके बल्ले से 597 रन निकले थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 125 से ज्यादा का रहा। 2015 में रोहित शर्मा ने पहला वनडे वर्ल्डकप खेला था और वहां भी उन्होंने 47 की औसत से 330 रन बनाए थे।

दूसरी ओर, यशस्वी जायसवाल को अब तक सिर्फ 6 वनडे मैचों में मौका मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ 2025 में वनडे डेब्यू करने वाले जायसवाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला वनडे शतक लगाया था। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 110 रन की शानदार पारी खेली थी।

क्यों जायसवाल पर सेलेक्टर्स को भरोसा

अगर रोहित शर्मा की जगह जायसवाल को चुनने की बात हो रही है तो इसकी वजह सिर्फ उम्र हो सकती है। वनडे वर्ल्डकप 2027 तक रोहित शर्मा 40 साल के हो जाएंगे। हालांकि पिछले कुछ सालों में उन्होंने अपनी फिटनेस पर बहुत काम किया है। दूसरी ओर जायसवाल युवा बल्लेबाज हैं और उन्होंने ओपनिंग के लिए अपने शानदार प्रदर्शन के दावा ठोका है। लेकिन फिर भी प्रदर्शन एक जैसा हो तो अनुभव को चुनना बेहतर फैसला होगा। हालांकि अब तक BCCI ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा है।

Updated on:
17 Jul 2026 09:19 am
Published on:
17 Jul 2026 09:19 am