
विराट कोहली (फोटो- IANS)
Virat Kohli ODI Records: कार्डिफ में गुरुवार को भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा लेकिन विराट कोहली ने अर्धशतक लगाकर कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। सोफिया गार्डन्स में खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में कोहली ने 66 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके लगाए और जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आदिल रशीद को कैच देकर पवेलियन लौटे।
कोहली सेना देशों यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। यह सेना देशों के खिलाफ उनका 30वां अर्धशतक था। उन्होंने इस मामले में राहुल द्रविड़ (29) को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में सचिन तेंदुलकर 25 अर्धशतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
इसके अलावा विराट कोहली विरोधी टीम के घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने कुमार संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अब तक विपक्षी टीम के घर में 5,538 रन पूरे कर लिए हैं। संगकारा के नाम 5,518 रन हैं, जबकि रिकी पोंटिंग (5,090) और सचिन तेंदुलकर (5,065) क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान विदेशी धरती पर वनडे क्रिकेट में 8,000 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (11,450) और सौरव गांगुली (8,111) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। यही नहीं, विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने 33वीं बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया। इस सूची में सचिन तेंदुलकर (32) दूसरे, राहुल द्रविड़ (26) तीसरे, एमएस धोनी (24) चौथे और सुनील गावस्कर (23) पांचवें स्थान पर हैं।
इसके अलावा इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह दूसरे विदेशी बल्लेबाज बन गए हैं। मैच से पहले रिकी पोंटिंग और केन विलियमसन के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 40 रन की जरूरत थी और अब वह रोहित शर्मा के बाद इंग्लैंड में विदेशी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाद बन गए हैं। उन्होंने अब तक इंग्लैंड में वनडे फॉर्मेट में 1,415 रन बना लिए हैं।
Updated on:
17 Jul 2026 07:40 am
Published on:
17 Jul 2026 07:40 am
