क्रिकेट

हम कभी गेम से बाहर नहीं होते… लगातार 5 जीत के बाद घमंडी हुए इंग्लिश कप्तान, भारत को सेमीफाइनल से पहले किया ये चैलेंज

Ind vs Eng Semi final: टी20 वर्ल्‍ड कप सेमीफाइनल से पहले इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने भारतीय टीम को चेतावनी दी है। उन्‍होंने कहा कि हम कभी गेम से बाहर नहीं होते। हमारी टीम तब अच्छा खेलती है, जब प्रेशर अपने पीक पर होता है।
2 min read
Mar 04, 2026
Feature image

Ind vs Eng Semi final: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक टी20 वर्ल्‍ड कप में लगातार पांच जीत दर्ज कर फूले नहीं समा रहे हैं। भारत के खिलाफ हाईवोल्टेज टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से एक दिन पहले उन्‍होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि हम कभी गेम से बाहर नहीं होते हैं। उनकी टीम तब अच्छा खेलती है, जब प्रेशर अपने पीक पर होता है। ज्ञात हो कि इंग्‍लैंड ने नेपाल, स्कॉटलैंड और इटली पर शानदार जीत के साथ ग्रुप स्टेज पार किया। हालांकि वेस्ट इंडीज के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। लेकिन, सुपर-8 में ब्रूक एंड कंपनी ने श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ बिना हारे सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

'यह एक अच्छी टीम की निशानी'

ब्रूक ने स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट से कहा कि हम करीबी मैचों में जीत हासिल कर रहे हैं और यह एक अच्छी टीम की निशानी है। मैंने सीखा है कि आप कभी गेम से बाहर नहीं होते। मुझे पता है कि मेरे पास बहुत कैरेक्टर वाले खिलाड़ी हैं, जो जीतने की इच्छा रखते हैं। बहुत कुछ जीतना चाहते हैं, लेकिन प्रेशर में भी शांत रहते हैं।

उनका कहना है कि इसी विश्वास की वजह से इंग्लैंड मेजबान टीम के खिलाफ सेमीफाइनल में मजबूत टीम है। इंग्लैंड की अग्रेसिव सोच पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मैं हर समय बल्‍लेबाजों के लिए इसे जितना हो सके उतना मुश्किल बनाना चाहता हूं।

'...तो विरोधी टीम सिर खुजाने लगेगी'

व्हाइट-बॉल के महान खिलाड़ी जोस बटलर के खराब प्रदर्शन और फिल सॉल्ट के लगातार अच्छा न खेलने के बावजूद, ब्रूक ने अपने टॉप ऑर्डर का पूरा सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जोस को अकेला छोड़ देना चाहिए। वह इस खेल में अब तक के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक हैं और मैं उसे अच्छा करते हुए देख सकता हूं। टॉप सात में हमारे इतने दमदार खिलाड़ी हैं कि अगर कोई एक भी बाहर हो जाए तो विरोधी टीम सिर खुजाने लगेगी।

'दोनों के लिए बहुत ज्‍यादा प्रेशर वाला बड़ा मौका'

ब्रूक ने ऑलराउंडर विल जैक्स की भी खास तारीफ की और उनके पहले प्रॉपर वर्ल्ड कप को शानदार बताया। ब्रूक ने कहा कि उन्होंने उस पोजिशन को अपनाया है और बहुत अच्छा किया है। उन्होंने जो कैरेक्टर दिखाया है वह जबरदस्त है। उन्‍होंने अंत में सेमीफाइनल को लेकर कहा कि यह जोरदार होने वाला है… दोनों टीमों के लिए बहुत ज्‍यादा प्रेशर वाला एक बड़ा मौका।

Updated on:
04 Mar 2026 12:14 pm
Published on:
04 Mar 2026 12:14 pm