क्रिकेट

IND vs ENG: ‘क्या कर रहा है यार’, ईशान किशन के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने बताई गलती

Ishan Kishan Run Out Video: दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज बनते ही ईशान किशन इंग्लैंड के खिलाफ दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए हैं।
2 min read
Jul 02, 2026
ishan kishan run out vs england in t20
ईशान किशन रनआउट (फोटो- Jio Hotstar)

India vs England 1st T20: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला डरहम में खेला गया, लेकिन बारिश की वजह से सिर्फ भारतीय बल्लेबाज ही बल्लेबाजी कर सके। जब इंग्लैंड की बल्लेबाजी की बारी आई, तब बारिश शुरू हो गई और मैच एक पारी के बाद ही रद्द करना पड़ा। इस मुकाबले में ईशान किशन रनआउट होकर बिना खाता खोल पवेलियन लौट गए, जिसके बाद अभिषेक शर्मा उनकी गलती को पिच पर ही बताते नजर आए।

अभिषेक-ईशान की बातचीत का वीडियो वायरल

भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन बनाए, जिसमें अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इसके अलावा संजू सैमसन सिर्फ 1 रन बना सके, जबकि ईशान किशन बिना खाता खोले रन आउट हो गए। इस रन आउट के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

आपको बता दें कि दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ईशान किशन ने डेंजरस कॉल किया और फिर रन के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार थ्रो किया, जिसे विकेटकीपर जोस बटलर ने स्टंप्स बिखेर दिए। जिसके बाद मामला थर्ड अंपायर के पास पहुंचाछ जब थर्ड अंपायर रिप्ले देख रहे थे, तब ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बीच बातचीत हो रही थी। इस दौरान अभिषेक शर्मा, ईशान किशन से कहते नजर आए, "तु पहुंचा कि नहीं पहुंचा, क्या कर रहा है यार ईशान।"

अभिषेक का कहना था कि जब फील्डर के हाथ में गेंद थी, तब रन लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए थी। वहीं, ईशान किशन अपनी गलती मानते हुए निराश नजर आए। आखिरकार थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया और ईशान किशन को पवेलियन लौटना पड़ा।

यह दूसरे ओवर में भारतीय टीम को दूसरा झटका लगा था। इससे पहले संजू सैमसन भी इसी ओवर में साकिब महमूद की गेंद पर टॉम बैंटन को पॉइंट की दिशा में कैच देकर पवेलियन लौट गए थे।

दुबे ने की धमाकेदार बल्लेबाजी

हालांकि 6 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने पारी संभाली। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंद में 59 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 छक्के और 4 चौके लगाए। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंद में 68 रन बनाए। तिलक वर्मा 13 गेंद में 13 रन ही बना सके, जबकि शिवम दुबे ने 21 गेंद में 42 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके लगाए।