क्रिकेट

IND vs IRE: एक गलती की वजह से 20 ओवर भी नहीं टिक पाई टीम इंडिया, जानें कैसे आयरलैंड के जाल में फंसे भारतीय बल्लेबाज

IND vs IRE T20: बेलफास्ट की धीमी पिच पर भारतीय बल्लेबाज लगातार एक ही गलती की वजह से आउट होते गए और टीम इंडिया पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी।
2 min read
Jun 27, 2026
Indian Staffs on Players
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टाफ और खिलाड़ी (फोटो- IANS)

India vs Ireland 1st T20: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को 34 रन से हार झेलनी पड़ी। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने एक ही गलती की, जिसकी वजह से वे एक के बाद एक जाल में फंसते चले गए और पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। भारतीय टीम 183 रन के लक्ष्य के जवाब में सिर्फ 148 रन पर ढेर हो गई।

एक ही एरिया में शॉट खेलकर आउट हुए

अगर भारतीय बल्लेबाजों के वैगन व्हील पर नजर डालें तो हार की सबसे बड़ी वजह सामने निकलकर आती है। बेलफास्ट के सिविल सर्विसेज क्रिकेट क्लब की धीमी पिच और बड़ी स्क्वायर बाउंड्री के कारण भारतीय बल्लेबाज लगातार एक ही गलती करते रहे। आपको बता दें कि इससे पहले भारतीय बल्लेबाज आईपीएल में खेल रहे थे, जहां उन्हें सपाट और बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर खेलने की आदत पड़ गई थी। लेकिन बेलफास्ट में धीमी पिच और बड़ी स्क्वायर बाउंड्री भारतीय बल्लेबाज के लिए मुसीबत बन गई।

करारी हार की सबसे बड़ी वजह

आयरलैंड ने स्क्वायर ऑफ द विकेट क्षेत्र में भारत से 30 रन ज्यादा बनाए। वहीं टीम इंडिया के बल्लेबाजों के आउट होने के तरीकों पर नजर डालें तो ज्यादातर विकेट स्क्वायर ऑफ द विकेट, डीप पॉइंट या डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट होकर गिरे। टीम इंडिया के लिए सिर्फ अभिषेक शर्मा ही 20 गेंदों में 49 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल सके। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके अलावा संजू सैमसन 5, ईशान किशन 1, श्रेयस अय्यर 3, वॉशिंगटन सुंदर 9 और हर्षित राणा 8 रन बनाकर आउट हुए। यानी टीम के पांच बड़े बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके, जिसकी वजह से भारतीय टीम को करारी हार झेलनी पड़ी।

टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद यह लगातार दूसरी बार है, जब भारतीय टीम को अपने पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम को शुभमन गिल की कप्तानी में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ही मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी।

दोनों कप्तानों की विपरीत शुरुआत

इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह भारत के चौथे ऐसे कप्तान बन गए, जिन्हें अपने पहले ही टी20 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर आयरलैंड के कप्तान लोर्कन टकर भी पहली बार कप्तानी कर रहे थे और उनकी शुरुआत जीत के साथ हुई। साथ ही उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी भी खेली। इससे पहले पॉल स्टर्लिंग आयरलैंड के कप्तान थे, लेकिन टी20 वर्ल्डकप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

Updated on:
27 Jun 2026 08:50 am
Published on:
27 Jun 2026 08:37 am