क्रिकेट

IND vs IRE: प्रसिद्ध कृष्णा-वाशिंगटन सुंदर ने बढ़ाई श्रेयस अय्यर की सिरदर्दी, जल्द ही कट सकता है हमेशा के लिए टीम से पत्ता

India vs Ireland: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 ओवर में मिलकर 76 रन लुटा दिए, जिसकी वजह से विरोधी टीम 182 रन तक आसानी से पहुंच गई।
2 min read
Jun 27, 2026
Prashidh Krishna and washington sunder
प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर (फोटो- IANS)

India vs Ireland T20 Series 2026: भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ पहली बार हार का सामना करना पड़ा। इस हार की सबसे बड़ी वजह भारतीय बल्लेबाजों का फ्लॉप शो रहा, लेकिन बल्लेबाजों की नाकामी के बीच दो गेंदबाजों का लचर प्रदर्शन भी छिप गया, जिसकी वजह से 150 रन वाली पिच पर आयरलैंड ने 182 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।

कृष्णा-सुंदर ने मिलकर लुटाए 76 रन

आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। इस दौरान वाशिंगटन सुंदर ने एक ओवर में ही 19 रन लुटा दिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 57 रन खर्च किए। अगर इन दोनों गेंदबाजों के 5 ओवर निकाल दिए जाएं तो बाकी भारतीय गेंदबाजों ने 15 ओवर में सिर्फ 104 रन ही दिए। लेकिन इन दोनों ने 5 ओवर में 76 रन लुटाकर आयरलैंड को 182 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।

3 साल बाद भी नहीं मिली विकेट

हार के बाद इन दोनों खिलाड़ियों की टीम में जगह पर सवाल उठने लगे हैं। प्रसिद्ध कृष्णा की लगभग 3 साल बाद टी20 फॉर्मेट में वापसी हुई थी, लेकिन उन्होंने अपना खराब दौर जारी रखा। इससे पहले उन्होंने अपना आखिरी टी20 मुकाबला साल 2023 में खेला था, जिसमें उन्होंने 4 ओवर में 68 रन खर्च किए थे और कोई विकेट हासिल नहीं किया था। 3 साल बाद उम्मीद थी कि उनकी वापसी शानदार होगी, लेकिन आयरलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 57 रन लुटा दिए।

वाशिंगटन सुंदर का भी टी20 क्रिकेट में कुछ ऐसा ही हाल है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर तीनों फॉर्मेट में जगह बना रखी है, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कई गेंदबाजों को साइडलाइन किया जा रहा है। सुंदर की जगह अगर रवि बिश्नोई खेलते तो शायद हालात अलग हो सकते थे।

6 मैचों में लुटा चुके हैं 277 रन

टीम इंडिया के लिए टी20 क्रिकेट में प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड भी ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। उन्होंने 6 मुकाबलों में सिर्फ 8 विकेट चटकाए हैं, लेकिन 277 रन खर्च किए हैं। दूसरी ओर वाशिंगटन सुंदर ने भारत के लिए 61 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 274 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत सिर्फ 16 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 169 का है। मौजूदा टीम इंडिया के कॉम्बिनेशन में यह प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं माना जा सकता।

सुंदर को 4 मैच से नहीं मिल रहे विकेट

गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। 61 मुकाबलों में 51 विकेट लेने वाले सुंदर का इकोनॉमी रेट 7 से ऊपर का है। इतना ही नहीं, वह पिछले चार मुकाबलों में एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। ऐसे में वाशिंगटन सुंदर की जगह रवि बिश्नोई को खिलाना बेहतर विकल्प हो सकता है।

वहीं प्रसिद्ध कृष्णा की जगह भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज या अंशुल कंबोज में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है। हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार ने 16 मैचों में 28 विकेट चटकाए थे, जबकि अंशुल कंबोज ने 21 और मोहम्मद सिराज ने 19 विकेट हासिल किए थे। इसके बावजूद मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर कर दिया गया और भुवनेश्वर कुमार के नाम पर चर्चा तक नहीं हुई।

Published on:
27 Jun 2026 02:12 pm