क्रिकेट

फाइनल से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, बदलेगी न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग 11?

टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल से पहले टीम इंडिया के 3 खिलाड़ी फॉर्म में नहीं है, जो खिताबी मुकाबले में टेंशन बढ़ा सकते हैं।

2 min read
Mar 06, 2026
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)

IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। भारतीय टीम ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। अब खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उनके सामने वो टीम होगी, जिसे वो आज तक टी20 वर्ल्डकप में नहीं हरा पाई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड ने तो भारतीय फैंस की टेंशन बढ़ाई ही है साथ भी टीम इंडिया के खिलाड़ियों की फॉर्म सिरदर्द बनी हुई है।

ये भी पढ़ें

T20 वर्ल्डकप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, सांसे रोक देने वाले मुकाबले में इंग्लैंड को दी शिकस्त

दुनिया का नंबर 1 गेंदबाज का बुरा हाल

अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 64 रन खर्च किए थे और उनके खाते में सिर्फ एक विकेट आया था। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 'करो या मरो' मैच में भी वरुण काफी महंगे साबित हुए थे। वरुण ने 4 ओवर में 40 रन दिए थे और सिर्फ एक ही विकेट निकाल सके थे।

सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी वरुण की कहानी कुछ ऐसी ही रही थी। प्रोटियाज टीम के बल्लेबाजों ने वरुण के 4 ओवर के स्पेल में 47 रन बनाए थे। वरुण के लिए पिछले कुछ मुकाबले बेहद निराशाजनक रहे हैं। सबसे अहम बात यह है कि वरुण बड़ी टीमों और अहम मुकाबलों में छाप नहीं छोड़ सके हैं।

अभिषेक का फ्लॉप शो जारी

अभिषेक शर्मा के लिए तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 किसी बुरे सपने की तरह रहा है। 7 पारियों में अभिषेक कुल मिलाकर 89 रन ही बना सके हैं। ग्रुप स्टेज में खेले 3 मुकाबलों में अभिषेक का खाता तक नहीं खुल सका था। सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक 15 रन ही बना सके थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक ने 30 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। इस पारी के बाद लगा था कि अभिषेक अपने रंग में लौट आए हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज और फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा।

अर्शदीप सिंह भी रहे हैं बेरंग

अर्शदीप सिंह की हालिया फॉर्म भी फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब बन गई है। अर्शदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपने 4 ओवर के स्पेल में 51 रन खर्च कर दिए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने बिना कोई विकेट चटकाए 43 रन दिए थे। टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 में 5 मुख्य गेंदबाजों के साथ खेलती नजर आई है। यही वजह है कि अर्शदीप की खराब फॉर्म भारतीय टीम का गणित बिगाड़ रही है।

अब सवाल ये है कि क्या फाइनल में भारतीय टीम अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव करेगी। देखा जाए तो तीनों आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ियों के लिए ऑप्शन मौजूद हैं। अर्शदीप सिंह की जगह मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव और अभिषेक शर्मा की जगह रिंकू सिंह को शामिल किया जा सकता है लेकिन जिस तरह से सूर्यकुमार यादव की सोच रही है, उसे देखकर लगता नहीं कि फाइनल में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बदलाव होगा।

ये भी पढ़ें

न्यूजीलैंड को टीम इंडिया ने हराया, तो न सिर्फ ट्रॉफी मिलेगी, बल्कि पलट जाएगा T20 वर्ल्डकप का इतिहास

Published on:
06 Mar 2026 06:46 pm
Also Read
View All

अगली खबर