क्रिकेट

IND vs PAK: अपने आर्मी चीफ का नाम लेकर नकवी ने दी ये धमकी! कहा- ‘हम धमकियों से नहीं डरते’

क्या 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी? इस सवाल का जवाब मिल गया है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को मैदान में उतरने का फरमान तो सुना दिया है, लेकिन इसके पीछे की कहानी में राजनीति, धमकियां और पाकिस्तान के आर्मी जनरल असीम मुनीर का जिक्र भी शामिल है। जानें क्या है पूरा मामला...
2 min read
Feb 10, 2026
PCB Chief Mohsin Naqvi. T20 World cup 2026 India vs Pakistan
PCB Chief Mohsin Naqvi. Pakistan officially takes back its decision to boycott the India match. (photo - espncricinfo)

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच अब होने जा रहा है। पाकिस्तान सरकार और PCB ने भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट करने का अपना फैसला वापस ले लिया है। इस फैसले के साथ ही पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने साफ शब्दों में जनरल आसिम मुनीर (आर्मी चीफ) का जिक्र करते हुए कहा कि वे किसी भी पाबंदी या धमकी से नहीं डरते। यह विवाद तब बढ़ा था, जब बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना किया और उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद पाकिस्तान ने भी न खेलने की धमकी दी थी।

पाक सरकार का आधिकारिक बयान

पाकिस्तान सरकार ने एक बयान जारी करते हुए कहा, 'कई देशों के साथ बातचीत और मित्र देशों के अनुरोध के बाद, पाकिस्तान सरकार अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को होने वाले ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप के मैच में मैदान पर उतरे।'

हम इन धमकियों से नहीं डरते - नकवी

PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ तौर पर जनरल असीम मुनीर (आर्मी चीफ) का नाम लिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान किसी भी तरह की धमकियों या पाबंदियों से नहीं डरता। नकवी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि PCB पर ICC की कार्रवाई का कोई दबाव था। उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं, हम इन धमकियों से नहीं डरते। हमारे फील्ड मार्शल (असीम मुनीर) को हर कोई जानता है। हमें किसी पाबंदी का डर नहीं है।'

बदला पाकिस्तान का फैसला

ज्ञात हो कि पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद उसे वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया। इसके तुरंत बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ न खेलने का ऐलान किया था। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम की अपील और ICC के साथ हुई बातचीत के बाद पाकिस्तान खेलने के लिए तैयार हो गया है।

क्या थीं पाकिस्तान की शर्तें?

एक रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी ने आईसीसी के सामने कुछ मांगें रखी थीं। सबसे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट (Bilateral Series) फिर से शुरू हो। फिर बांग्लादेश को हुए नुकसान की भरपाई के लिए एक त्रिकोणीय सीरीज (Triangular Series) कराई जाए जिसमें पाकिस्तान, भारत और बांग्लादेश शामिल हों। हालांकि, ICC ने त्रिकोणीय सीरीज की मांग ठुकरा दी है, क्योंकि भारत पिछले 10 सालों से ऐसी सीरीज नहीं खेल रहा है। बदले में आईसीसी ने बांग्लादेश को 2031 के वर्ल्‍ड कप से पहले एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी देने की बात कही है।

Updated on:
10 Feb 2026 11:08 am
Published on:
10 Feb 2026 11:08 am