क्रिकेट

IND vs PAK: ‘भारत के खिलाफ मैच कोई बड़ी बात नहीं…’, मुकाबले से पहले साहिबजादा फरहान, टीम इंडिया को दी चेतावनी!

T20 World Cup 2026: अमेरिका को धूल चटाने के बाद पाक ओपनर साहिबजादा फरहान ने भारत के खिलाफ महामुकाबले पर बड़ा बयान दिया है। जानें क्यों उन्होंने टीम इंडिया के साथ मैच को नॉर्मल बताया और क्या है पाकिस्तान का नया माइंडसेट...
2 min read
Feb 11, 2026
t20 world cup 2026, ind vs pak, pak vs usa, Sahibzada Farhan
Sahibzada Farhan batting and talking about India vs Pakistan T20 World Cup 2026 match. (photo - espncricinfo)

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज साहिबजादा फरहान की तूफानी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने ICC मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। मंगलवार को कोलंबो में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने अमेरिका (USA) को 32 रनों से मात दी। मैच के बाद फरहान ने सीधे कहा कि उनकी टीम इस बार भारत के खिलाफ एक अलग माइंडसेट के साथ मैदान में उतरेगी।

भारत से मैच नॉर्मल है, कोई बड़ी बात नहीं…

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब फरहान से 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि टीम पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया, 'जब आप दो मैच जीत लेते हैं और टेबल में टॉप पर होते हैं तो आपका कॉन्फिडेंस बहुत बढ़ जाता है। आने वाला मैच (भारत के खिलाफ) हमारे लिए कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, हम उनके खिलाफ पहली बार नहीं खेल रहे हैं। हम पहले भी खेल चुके हैं, लेकिन हां, इस बार हम एक अलग माइंडसेट के साथ खेलेंगे।'

उन्होंने आगे कहा, 'मेरी पिछली दो पारियां जैसी रही हैं, उससे मैं बहुत कॉन्फिडेंट हूं। यह एक नॉर्मल मैच की तरह है और हम इसे वैसे ही खेलेंगे। हम अपने दिमाग पर यह बोझ नहीं डालेंगे कि यह इंडिया-पाकिस्तान का मैच है, बस एक साधारण मैच समझकर मैदान पर उतरेंगे।'

पाकिस्तान की आक्रमक बल्लेबाजी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत काफी आक्रामक रही। ओपनर सैम अयूब और साहिबजादा फरहान ने मिलकर 5वें ओवर में ही स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया था। हालांकि, अमेरिका के गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने वापसी की और अयूब के साथ कप्तान सलमान आगा को आउट कर दिया, जिससे पावरप्ले के खत्म होने तक पाकिस्तान का स्कोर 56/2 हो गया।

फरहान की बल्लेबाजी ने पलटा मैच

इसके बाद फरहान ने बाबर आजम के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 81 रनों की बेहतरीन साझेदारी रही, जिसमें समझदारी भरी बैटिंग और विकेटों के बीच दौड़ का बड़ा हाथ रहा। बाबर आजम 46 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन फरहान ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और टी-20 वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक जड़ा।

फरहान ने 41 गेंदों में 73 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अंत में शादाब खान ने 12 गेंदों में 30 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान को 190 के कठिन स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, आखिरी ओवरों में पाकिस्तान के निचले क्रम ने 5 विकेट जल्दी गंवा दिए और टीम 190/9 पर रुकी।

अमेरिका की पारी और पाकिस्तान की गेंदबाजी

191 रनों का पीछा करने उतरी अमेरिका की शुरुआत अच्छी रही। उनके ओपनर्स ने पावरप्ले में 42 रन जोड़े। इसके बाद शादाब खान ने अपनी ही गेंद पर कप्तान मोनांक पटेल का शानदार कैच पकड़कर मैच का रुख पाकिस्तान की तरफ मोड़ दिया।
उस्मान तारिक ने बेहतरीन स्पैल डाला और तीन विकेट चटकाए, जिसमें दो विकेट तो उन्होंने लगातार दो गेंदों पर लिए।

अमेरिका की तरफ से शुभम रंजने (51) और शयन जहांगीर (49) ने सही पारियां खेलीं, लेकिन वे पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। अमेरिका 20 ओवरों में 158/8 रन ही बना पाया।

Updated on:
11 Feb 2026 10:46 am
Published on:
11 Feb 2026 10:46 am