क्रिकेट

Ind vs SA: एकमात्र चीज जो हम ठीक नहीं कर पाए… सीरीज 3-1 से जीतने पर भी कप्तान सूर्या को इस बात का रह गया मलाल

Ind vs SA 5th T20i Highlights: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज 3-1 से जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बेहद खुश नजर आए। लेकिन, उन्‍हें एक चीज का मलाल रह गया, जिसका जिक्र उन्‍होंने मैच के बाद किया।
2 min read
Dec 20, 2025
Ind vs Ned Match Highlights
भारतीय टी20 टीम के कप्‍तान सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricCrazyJohns)

Ind vs SA 5th T20i Highlights: भारत ने अहमदाबाद में खेले गए 5वें मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर टी20 इंटरनेशनल सीरीज 3-1 से जीत ली। टीम इंडिया ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए स्‍कोर बोर्ड पर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 231 रन लगाए। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट के नुकसान पर 201 रनों पर रोकते हुए शानदार जीत दर्ज की। बतौर कप्तान सीरीज जीतकर सूर्यकुमार यादव बेहद खुश नजर आए, लेकिन खुद के निजी प्रदर्शन से संतुष्ट नजर नही आए। उन्‍होंने इस मैच में सात गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ पांच रन बनाए।

'हमने बिल्कुल वैसा ही किया'

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि सीरीज की शुरुआत से ही हम एक खास तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे और हमने बिल्कुल वैसा ही किया। हमने कुछ भी अलग करने की कोशिश नहीं की। हम सभी डिपार्टमेंट में खुद को एक्सप्रेस करना चाहते थे और नतीजे सबके सामने हैं। हां, यह कुछ ऐसा था, जो हमें पिछली कुछ सीरीज में कमी महसूस हो रही थी। हम बिल्कुल इसी तरह से बैटिंग करना चाहते थे, एक बार जब कोई शुरू हो जाता है तो वह रुकता नहीं है। हम लगातार वही इरादा चाहते थे और आज यह बहुत अच्छे से काम आया।

'हम कुछ अलग ट्राई करना चाहते थे'

उन्‍होंने कहा कि हम कुछ अलग ट्राई करना चाहते थे। प्लान था कि पावरप्ले में बुमराह का एक ओवर इस्तेमाल किया जाए। ड्रिंक्स के बाद बीच के ओवरों में कंट्रोल किया जाए और फिर उन्हें डेथ ओवरों के लिए तैयार रखा जाए। वॉशिंगटन सुंदर ने आज शानदार प्रदर्शन किया और जिम्मेदारी ली। हम कई बार दबाव में थे, हमें चुनौती मिली, लेकिन यह गेम इस बारे में है कि आप कैसे जवाब देते हैं और लड़कों ने बहुत अच्छा किया। यह चुनौतीपूर्ण, लेकिन बहुत अच्छी सीरीज़ रही।

'एकमात्र चीज जो हम ठीक से नहीं कर पाए'

सूर्या ने आगे कहा कि हमने लगभग वह सब कुछ किया, जो हम करना चाहते थे। शायद एकमात्र चीज जो हम ठीक से नहीं कर पाए। वह था "बल्लेबाज सूर्या" को ढूंढना, मुझे लगता है कि वह कहीं गायब हो गया है! (मुस्कुराते हुए) लेकिन, वह और मजबूत होकर वापस आएगा। एक टीम के तौर पर मैं बहुत खुश हूं। जब भी हम मुश्किल में थे, किसी न किसी ने हमेशा हाथ बढ़ाया और हमें मुश्किल से निकाला।

सीरीज में सिर्फ 34 रन ही बना सके सूर्या

बता दें कि भले ही बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सीरीज जीत ली है, लेकिन बतौर बल्लेबाज पूरी सीरीज में सूर्या की फॉर्म चिंता का विषय रही। वह इस मुकाबले में सिर्फ पांच रन बना पाए। वहीं, सीरीज के 4 मैचों वे महज 8.50 के औसत से 34 रन ही बना सके।

Published on:
20 Dec 2025 06:35 am