क्रिकेट

IND vs SL: द्रविड़ की बात हुई सच, श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय खिलाड़ियों से किया वादा पूरा

राहुल द्रविड़ को युवा खिलाड़ियों से भरी टीम का कोच बनाकर श्रीलंका भेजा था। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को मौका दिया है।
2 min read
• •
Updated: 29 Jul 2021, 1:28 AM IST
rahul_dravid.jpg

नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) श्रीलंका दौर पर गई 20 सदस्यों वाली टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे हैं। सीरीज से पहले द्रविड़ ने कहा था कि इस दौरे पर सभी खिलाड़ियों को मौका मिलेगा और ऐसा लगता है कि उनका यह वादा पूरा हो गया है। दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया में 4 युवा खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका दिया गया। हालांकि यह क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद हुआ।

क्रुणाल समेत 9 खिलाड़ियों को रहना पड़ा बाहर
क्रुणाल के संपर्क में आने वाले 8 खिलाड़ियों को दूसरे टी20 मुकाबले से बाहर रहना पड़ा। इनमें हार्दिक पांड्या, पृथ्वी शॉ, दीपक चाहर, मनीष पांडे, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में दूसरे टी20 मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल, नीतीश राणा, चेतन सकारिया और ऋतुराज गायकवाड़ को टी20 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका मिला।

खेद जताने जैसी कोई बात नहीं : द्रविड़
मैच से पहले द्रविड़ ने कहा था दुर्भाग्य से क्रुणाल पांड्या के संपर्क में आने वलो खिलाड़ी अब इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। हमारे पास 11 खिलाड़ी हैं और हमें उनको मौका देना है। इसमें खेद जताने जैसे कोई बात नहीं। सभी 11 खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए काफी अच्छे हैं इसलिए उन्हें चुना गया है। मुझे लगता है कि उनका प्रदर्शन देखना रोमांचक होगा। हां, टीम का संतुलन थोड़ा मुश्किल होगा क्योंकि हम केवल उपलब्ध खिलाड़ियों में से ही चुन सकते हैं।’

श्रीलंका दौरे के लिए युवा खिलाड़ियों से भरी टीम इंडिया को उतारा गया था। वनडे में डेब्यू करने वालों में कृष्णप्पा गौतम, नीतीश राणा, चेतन सकारिया, राहुल चाहर और संजू सैमसन शामिल रहे थे। इसी साल टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है, ऐसे में भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए इस सीरीज का प्रदर्शन भी खास होगा। हालांकि नियमित कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री टीम के बारे में पहले से ही सोच रहे होंगे।

आईपीएल का दूसरा चरण भी यूएई में खेला जाना है जिसकी शुरुआत 19 सितंबर से होगी, जब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत होगी। खास बात है कि टी20 वर्ल्ड कप को कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए यूएई में शिफ्ट कर दिया गया है। ऐसे में आईपीएल में युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह दिला सकता है।

Updated on:
29 Jul 2021, 1:28 AM IST
Published on: