क्रिकेट

IND vs SL: घर के बाहर टीम इंडिया के खिलाफ श्रीलंका का पलड़ा भारी, एशियन गेम्स सेमीफाइनल से पहले जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड

IND vs SL 2nd Semifinal: भारत और श्रीलंका की मेंस क्रिकेट टीमें 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने के इरादे से कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में उतरेंगी। इस मुकाबले पर भी बारिश का साया है।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
india men's cricket team
भारत की मेंस टी20 टीम (फोटो- BCCI)

India vs Sri Lanka Head To Head in T20I: एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम की टक्कर श्रीलंका से होगी। दोनों टीमों को रैंकिंग में वरीयता की वजह से सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली थी, लेकिन बारिश की वजह से दोनों क्वार्टर फाइनल मुकाबले रद्द हो गए और रैंकिंग में अपनी विरोधी टीमों की तुलना में बेहतर होने की वजह से श्रीलंका और भारत को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। अब ये दोनों टीमें गोल्ड मेडल मुकाबले में जगह बनाने के लिए 1 अक्टूबर को उतरेंगी, जो इसी मैदान यानी कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेला जाएगा।

टीम इंडिया ने जीते हैं 23 मुकाबले

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 33 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने 30 मुकाबले जीते हैं, तो 9 बार श्रीलंका ने जीत हासिल की है। दोनों के बीच एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ है। आपको बता दें कि दोनों टीमों के लिए यह न्यूट्रल वेन्यू है और न्यूट्रल वेन्यू पर श्रीलंका का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें पांच बार न्यूट्रल वेन्यू पर भिड़ चुकी हैं, जिसमें से तीन बार श्रीलंका ने जीत हासिल की है, तो सिर्फ दो मैचों में भारत ने जीत हासिल की है।

पिछले दोनों मैच हुए हैं टाई

आपको बता दें कि दोनों टीमों के बीच जो पिछले दो मुकाबले हुए हैं, उनमें कांटे की टक्कर देखने को मिली है। 2025 के एशिया कप के सुपर-4 मैच में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला गया था, जहां भारत ने सुपर ओवर में जीत हासिल की। श्रीलंका ने 202 रन बनाए थे और भारत ने भी 202 रन बनाए। सबसे खास बात यह है कि दोनों टीमों के पांच-पांच विकेट गिरे थे। हालांकि, बाद में भारत ने सुपर ओवर में तीन रन का लक्ष्य बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया।

उससे पहले 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद जब भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर गई थी, तब सीरीज का आखिरी मुकाबला भी सुपर ओवर में गया था। भारतीय टीम ने 137 रन बनाए थे और श्रीलंका ने भी 137 रन बना लिए थे। फिर सुपर ओवर में श्रीलंका की टीम दो ही रन बना पाई और भारत ने चार रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

पिछले 6 मुकाबलों में से श्रीलंका को सिर्फ एक में जीत मिली है। 2023 के बाद से श्रीलंका की टीम भारत को हरा नहीं पाई है, लेकिन टक्कर कई मुकाबलों में दी है। ऐसे में एक बार फिर भारत और श्रीलंका के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। साथ ही जब श्रीलंका का न्यूट्रल वेन्यू पर पलड़ा भारी रहा है, तो मुकाबला और रोमांचक हो सकता है। यह मैच 1 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसे आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर देख सकते हैं। इसके अलावा इस मैच का सीधा प्रसारण फ्री में डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी किया जाएगा।