क्रिकेट

Vaibhav Suryavanshi Fight: वैभव सूर्यवंशी ने क्यों खोया आपा? श्रीलंका A के खिलाड़ियों से मैदान पर हुई लड़ाई की जानें पूरी कहानी

Vaibhav Suryavanshi Fight, INDA vs SLA: ट्राई नेशन ए सीरीज के चौथे मुकाबले में भारत को श्रीलंका के खिलाफ सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से बहस और धक्का-मुक्की हो गई।

2 min read
Jun 16, 2026
vaibhav Suryavanshi
सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से हुई झड़प (फोटो- Sony Sports Networks X)

IND A vs SL A Tri Nation A Series 2026: ट्राई नेशन ए सीरीज के चौथे मुकाबले में भारतीय A टीम को एक और रोमांचक मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे सुपर ओवर में सिर्फ 9 रन ही बना पाए, जबकि टीम को 17 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसकी बदौलत भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी। सुपर ओवर में हार के बाद जब वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट रहे थे, तब उनकी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि खिलाड़ी हाथापाई तक पहुंच गए।

वैभव को श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने उकसाया

सोमवार को दांबुला के रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ए को सुपर ओवर में हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़ गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पूरे झगड़े की शुरुआत तब हुई, जब भारतीय टीम सुपर ओवर में 17 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई। हार के बाद सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ी जश्न मना रहे थे और उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को कुछ ऐसा कहा, जिससे वह भड़क गए। मामला इतना बढ़ गया कि सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का देने और हाथापाई पर उतर आए, लेकिन श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ी ने बीच-बचाव कर मामला वहीं शांत करा दिया।

17 के जवाब में भारत ए ने बनाए 9 रन

अब देखना यह होगा कि मैच रेफरी खिलाड़ियों को सजा देते हैं या सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ देते हैं। आपको बता दें कि मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम भी 265 रन ही बना सकी, जिसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा। सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। 17 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश सिर्फ 9 रन ही बना सके।

श्रीलंका तीन में से दो मैच जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर है और उनका फाइनल खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं तीन मैचों के बाद भारतीय टीम के पास 2 अंक हैं। दूसरी ओर अफगानिस्तान ए के पास भी दो मैचों के बाद 2 अंक हैं, लेकिन उनका नेट रन रेट माइनस में है।

भारत A की राह हुई मुश्किल

इस हार के बाद अब भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए आखिरी मुकाबले में बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी। साथ ही यह भी उम्मीद करनी होगी कि अफगानिस्तान अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाए। आपको बता दें कि अफगानिस्तान A को अब श्रीलंका A और भारत A के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलना है।

Published on:
16 Jun 2026 07:10 am