क्रिकेट

INDA vs SLA: विपराज निगम ने की गलती, सजा पूरी भारतीय टीम को मिली, श्रीलंका को हुआ 10 रन का फायदा

IND A vs SL A Match Highlights: श्रीलंका ए के खिलाफ दांबुला में खेले जा रहे मैच के दौरान भारतीय ऑलराउंडर विपराज निगम से एक ऐसी गलती हो गई, जिसकी सजा पूरी टीम को भुगतनी पड़ी है। आइये आपको भी बताते हैं कि आखिर पूरा मामला क्‍या है?

2 min read
Jun 15, 2026
IND A vs SL A Match Highlights
श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में विकेटों के बीच दौड़ लगाते विपराज निगम। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricketCentrl)

India A vs Sri Lanka A Match Highlights: दांबुला में सोमवार को भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई सीरीज का चौथा मैच खेला जा रहा है। इस मैच में भारत की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में जब श्रीलंका की पारी का आगाज 10/0 के स्‍कोर से हुआ तो हर कोई चौंक गया। आखिर ऐसा क्‍या हुआ, जो इंडिया ए पर 10 रन की पेनल्‍टी लगाई गई? हर किसी क्रिकेट फैंस के मन में यही सवाल उठ रहा होगा। आइये आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्‍या है?

विपराज निगम से हो गई गलती

दरअसल, तिलक वर्मा की अगुवाई वाली इंडिया ए को रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में ट्राई-नेशन ए सीरीज के चौथे मैच के दौरान विपराज निगम की गलती के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ी है। श्रीलंका ने अपनी पारी की शुरुआत बोर्ड पर 10 रन से की। इससे पहले कि दूसरी पारी की पहली गेंद फेंकी जाती, निगम को कई बार पिच के बीच में दौड़ने का दोषी पाया गया। इसलिए भारतीय टीम पर 10 रन की पेनल्‍टी लगाई गई।

35वें और 37वें ओवर में लगी 5-5 रन की पेनल्‍टी

दरअसल, पिच के बीच में दौड़ने का मामला अनुकूल रॉय को पहली वॉर्निंग के साथ शुरू हुआ। हालांकि वे 33वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन इंडिया ए की बल्‍लेबाजी पारी के बाकी बैट्समैन के लिए यह वॉर्निंग लागू रही। विजयकांत व्यासकांत के 35वें ओवर में विपराज निगम को विकेट के बीच दौड़ने पर दूसरी वॉर्निंग दी गई और पांच रन की पेनल्टी लगाई गई और डिलीवरी को भी डेड बॉल घोषित कर दिया गया। 37वें ओवर में भी ऐसा ही हुआ और एक और पांच रन की पेनल्टी लगा दी गई। इसी वजह से श्रीलंका की पारी 10/0 के स्‍कोर से शुरू हुई।

श्रीलंका पर भी लगी 5 रन की पेनल्‍टी

बता दें कि इससे पहले इसी मैच में श्रीलंका की गेंदबाजी के दौरान उस पर भी पांच रन की पेनल्‍टी लगी थी। हालांकि ये पेनल्‍टी विकेट के पीछे हेलमेट से बॉल टकराने पर लगी थी। भारत की बल्‍लेबाजी पारी के 16 वें ओवर की चौथी गेंद कुगाथास मथुलन लेग स्‍टंप की ओर काफी वाइड फेंकी। लेकिन, विकेटकीपर डिकवेला गेंद के उछाल का समझ नहीं पाए और वह उनके पास से उछलकर पीछे रखे हेलमेट से टकराई। इसके लिए अंपायर ने श्रीलंका पर पांच रन की पेनल्टी लगाते हुए भारत को बोनस अंक दिए।