
India A vs Sri Lanka A: सोमवार को दांबुला में खेले गए ट्राई नेशन ए सीरीज के चौथे मुकाबले में श्रीलंका-ए ने भारत-ए को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। टीम इंडिया की यह लगातार दूसरी हार रही। इस मुकाबले में स्कोर टाई होने के बाद मेजबान टीम ने सुपर ओवर में जीत हासिल की। वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे 18 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सफल नहीं हो सके। हार के बाद सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ बहस हो गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हो रही है और सजा को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265 रन बनाए। 266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की टीम भी 265 रन ही बना सकी, जिससे मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने 17 रन बनाए। 18 रन के लक्ष्य के जवाब में वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे सिर्फ 9 रन ही बना सके। हार के बाद जब भारतीय खिलाड़ी पवेलियन लौट रहे थे, तब श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने कुछ ऐसा कहा कि सूर्यवंशी आपा खो बैठे और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स सूर्यवंशी की इस हरकत की जमकर आलोचना कर रहे हैं। एक्स पर एक पाकिस्तानी यूजर ने तो सूर्यवंशी को 5 साल तक बैन करने की मांग कर डाली। हालांकि अब तक आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि मैच रेफरी सूर्यवंशी के खिलाफ सजा का ऐलान करते हैं या पहली गलती मानते हुए चेतावनी देकर छोड़ देते हैं।
रनगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए टीम 49.2 ओवरों में 265 रन पर सिमट गई। भारत को 29 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने प्रभसिमरन सिंह के रूप में दूसरा विकेट भी गंवा दिया। कप्तान तिलक वर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन तिलक वर्मा (23) के आउट होते ही विकेटों का पतझड़ लग गया।
भारतीय टीम ने 143 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विपराज निगम ने सूर्यांश शेडगे के साथ आठवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 104 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। विपराज 49 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यांश ने 66 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 72 रन की पारी खेली। श्रीलंका-ए की तरफ से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने 3-3 विकेट हासिल किए। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 265 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ इसी मैदान पर खेलेगी। सीरीज का फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।