
Asia Cup Rising Stars 2026: एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में ग्रुप-B का 11वां मुकाबला भारत-ए और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच खेला जाएगा। तिलक वर्मा की कप्तानी में भारत-ए की नजर जहां सेमीफाइनल में जगह पक्की करने पर होगी, वहीं UAE की टीम टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में मैदान पर उतरेगी। भारत-ए को UAE की टीम से सतर्क रहना होगा, क्योंकि वह सेमीफाइनल में पहुंचने की राह में बाधा बन सकती है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद है।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। नेपाल के खिलाफ उन्होंने 26 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान-ए के खिलाफ वह 11 रन बनाकर आउट हो गए थे। उनके अलावा आयुष बदोनी और रिंकू सिंह भी टूर्नामेंट में अब तक निराशाजनक प्रदर्शन कर चुके हैं। आयुष बदोनी ने नेपाल के खिलाफ 2 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान-ए के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल सके थे। वहीं, रिंकू सिंह नेपाल के खिलाफ 9 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि पाकिस्तान-ए के खिलाफ उनके बल्ले से सिर्फ 6 रन निकले थे। अब अगर भारत-ए को सेमीफाइनल में जगह बनानी है, तो उसे UAE के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही टीम को अपने नेट रन रेट का भी खास ध्यान रखना होगा।
UAE की टीम अब तक ग्रुप-B के अपने दोनों मुकाबले हार चुकी है। वहीं, भारत-ए ने दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक हासिल किए हैं। टीम +2.580 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर है। UAE के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप-B मुकाबला जीतते ही भारत-ए सीधे सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। हालांकि, अगर टीम यह मुकाबला जीतने में नाकाम रहती है, तब भी उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रहेंगी। ऐसी स्थिति में उसे दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर रहना होगा।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जा रहा है। भारत-ए और UAE के बीच यह मुकाबला 24 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 11 बजे होगा। इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV के ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।
भारत-ए की टीम: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बदोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, प्रभसिमरन सिंह, तनुष कोटियन और अरशद खान।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम: आर्यांश शर्मा, अंश टंडन, हरप्रीत सिंह भाटिया, मुहम्मद शहजाद, एम. आफताब आलम (विकेटकीपर), बासिल हमीद (कप्तान), एथन डी'सूजा, नूरुल्लाह अयोबी, उद्दिश सूरी, इबरार अहमद, मुहम्मद मोहसिन, सोहैब खान, उमिद रहमान, जाहिद अली, अयान मिस्बाह और अवैस अली शाहमान।