
Team India at Asian Games 2026: एशियन गेम्स के 20वें संस्करण की मेजबानी जापान कर रहा है, जहां भारत ने इस बार 503 एथलीट्स का दल भेजा है। 2022 में भारतीय टीम ने मेडल का शतक लगाया था, जिसमें पांच टीम इवेंट्स में दबदबा देखने को मिला था। इस बार भी इन पांचों इवेंट्स में भारतीय टीम का गोल्ड जीतना तय माना जा रहा है। एशियन गेम्स 2022 में भारत ने 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे, जिसमें से क्रिकेट और कबड्डी की दोनों मेंस और वूमेंस टीमों ने गोल्ड जीता था, तो हॉकी में भी मेंस टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।
क्रिकेट में जहां हरमनप्रीत कौर और श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली क्रमश: वूमेंस और मेंस टीमें सिर्फ तीन-तीन मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर सकती हैं, तो वहीं हॉकी में हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम को कई मैच खेलने पड़ सकते हैं, लेकिन यहां भी टीम इंडिया को गोल्ड के लिए टक्कर देने वाली कोई टीम नजर नहीं आ रही, बशर्ते कोई उलटफेर न हो। इसके अलावा कबड्डी में भी सुनील कुमार की अगुवाई वाली मेंस टीम और पुष्पा राणा की अगुवाई वाली वूमेंस टीम भी चैंपियन बनने की सबसे प्रबल दावेदार हैं। कबड्डी में टीम इंडिया को हराना कभी भी, किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है। टीम इवेंट के अलावा इस बार भारत को शूटिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, रेसलिंग में भी कई गोल्ड मेडल मिल सकते हैं।
मेंस हॉकी में भारतीय टीम एशिया की मजबूत टीमों में शामिल है। 2026 एशियन गेम्स में भारत को पूल ए में रखा गया है और ग्रुप चरण में इंडोनेशिया, श्रीलंका, दक्षिण कोरिया, जापान और बांग्लादेश जैसी टीमों से मुकाबला होना है। ग्रुप स्टेज के बाद नॉकआउट मुकाबले भारत के लिए असली चुनौती होंगे।
क्रिकेट में भारत पिछली बार मेंस और वूमेंस वर्गों में चैंपियन रहा था। इस बार भी दोनों टीमों के सामने अपने खिताब को डिफेंड करने की चुनौती है। महिला टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और 20 सितंबर को उसका सामना बांग्लादेश से होगा। यानी गोल्ड की ओर भारत ने एक और कदम बढ़ा दिया है। मेंस टीम का टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा।
कबड्डी में भारत का एशियन गेम्स रिकॉर्ड बेहद दमदार रहा है। भारत ने इस खेल के एशियन गेम्स में शामिल होने के बाद से 13 में से 11 गोल्ड जीते हैं। पुरुष टीम ने 8 और महिला टीम ने 3 गोल्ड अपने नाम किए हैं। 2018 में निराशा के बाद 2022 में दोनों टीमों ने गोल्ड जीतकर वापसी की थी। 2026 में भी दोनों टीमें खिताब बचाने उतरेंगी।
हालांकि, इन सभी खेलों में भारत के सामने चुनौती आसान नहीं होगी। कबड्डी में ईरान जैसी टीम लगातार मजबूत चुनौती देती रही है, जबकि हॉकी और क्रिकेट में एशिया की कई टीमें भारत को कड़ी टक्कर देने की क्षमता रखती हैं। इसलिए पांचों टीम इवेंट में गोल्ड की दावेदारी मजबूत होने के बावजूद भारतीय टीमों को हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा। टीम इंडिया के लिए इन पांच इवेंट में खिताब बचाना सिर्फ मेडल जीतने की चुनौती नहीं, बल्कि पिछले एशियन गेम्स की सफलता को दोहराने का भी मौका होगा।